प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस की जोड़ी अक्सर चर्चा में रहती है। हाल ही में निक ने एक पॉडकास्ट में अपनी पत्नी की एक दिलचस्प आदत का जिक्र किया, जिसे उन्होंने मजाकिया अंदाज में ‘डरावना सपना’ बताया। निक, जेक शेन के पॉडकास्ट में पहुंचे थे, जहां उन्होंने अपने म्यूजिक एल्बम के साथ-साथ मैरिड लाइफ के बारे में भी खुलकर बात की। बातचीत के दौरान जब उनसे पूछा गया कि वह सोने के लिए कमरे का तापमान कैसा पसंद करते हैं, तो निक ने कहा कि उन्हें बहुत ठंडा कमरा पसंद है। इसके बाद उन्होंने बताया कि प्रियंका को सोते समय गर्म माहौल पसंद है और वह कमरे का तापमान करीब ७१-७२ डिग्री फॉरेनहाइट (२१-२२ डिग्री सेल्सियस) रखना चाहती हैं। निक के मुताबिक, यह उनके लिए किसी बुरे सपने जैसा है। निक ने यह भी कहा कि वह बिस्तर पर खाना खाना, टीवी देखना या पढ़ना पसंद नहीं करते। अगर प्रियंका बिस्तर पर कुछ देख रही होती हैं, तो वह पास में कुर्सी खींचकर बैठ जाते हैं।
