-प्रभाग १३ का हाल, १० में ८ टॉयलेट बिना दरवाजे के
-शिवसेना नगरसेवक शहाजी खुस्पे ने अधिकारियों को घेरा
सामना संवाददाता / मुंबई
‘स्वच्छ ठाणे’ के दावों के बीच प्रभाग १३ में सार्वजनिक शौचालयों की बदहाली ने प्रशासन की पोल खोल दी है। यहां १० में से ८ शौचालय बिना दरवाजों के होने से महिलाओं की आबरू खतरे में बताई जा रही है। इस मुद्दे पर शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नगरसेवक शहाजी खुस्पे ने मनपा अधिकारियों को आड़े हाथों लिया है। उनका आरोप है कि उनके प्रभाग को जानबूझकर नजरअंदाज किया जा रहा है। इसी के साथ ही खुस्पे ने चेतावनी दे डाली है कि यदि तुरंत दरवाजे, पानी और बिजली की व्यवस्था नहीं की गई तो नागरिकों के साथ मिलकर तीव्र आंदोलन छेड़ा जाएगा।
ठाणे के वार्ड नंबर १३ में सार्वजनिक शौचालयों की बदहाली सामने आने के बाद शहाजी खुस्पे ने मनपा प्रशासन को घेरते हुए कड़ी नाराजगी जताई है। उनका आरोप है कि वार्ड के कई सार्वजनिक शौचालयों में दरवाजे तक नहीं हैं, जिसके कारण महिलाओं को बेहद अपमानजनक हालात में शौचालय का उपयोग करना पड़ रहा है। खुस्पे ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ठाणे की लाडली बहनों को अपनी इज्जत बचाने के लिए हाथ में प्लाई पकड़कर शौचालय का इस्तेमाल करना पड़ रहा है। यह स्थिति पूरे शहर के लिए शर्मनाक है और मनपा प्रशासन की लापरवाही को उजागर करती है। बता दें कि हाल ही में हुए ठाणे मनपा चुनाव में १३१ सीटों पर मतदान हुआ था, जिसमें शिवसेना के शहाजी खुस्पे उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के गढ़ में डंके की चोट पर नगरसेवक चुने गए। खुस्पे ने प्रभाग क्रमांक १३ से चुनाव लड़ते हुए पूर्व महापौर अशोक वैती को हराकर जीत दर्ज की थी।
विकास कार्यों की समीक्षा
नगरसेवक बनने के बाद खुस्पे ने अपने वार्ड के विकास कार्यों की समीक्षा शुरू की और सार्वजनिक शौचालयों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान चौंकाने वाली स्थिति सामने आई। उनके मुताबिक, प्रभाग के १० सार्वजनिक शौचालयों में से केवल २ में ही दरवाजे लगे हैं, जबकि बाकी ८ शौचालय बिना दरवाजों के हैं।
पत्र की कर रहे हैं अनदेखी
खुस्पे ने आरोप लगाया कि शौचालयों में दरवाजे लगाने के लिए उन्होंने संबंधित विभाग को कई बार पत्र लिखे। लेकिन प्रशासन ने जानबूझकर उनकी मांगों की अनदेखी की। इसके अलावा इन शौचालयों में पानी और बिजली की भी उचित व्यवस्था नहीं है, जिससे स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
