एजेंसी / वॉशिंगटन
अमेरिका की सेना ने ईरान के खिलाफ जंग की शुरुआत में ‘एआई’ का जमकर इस्तेमाल किया है। युद्ध के पहले २४ घंटों में ही अमेरिका ने एआई की मदत से ईरान के १,००० टारगेट लॉक कर दिए थे। इस बात का खुलासा ‘वॉशिंगटन पोस्ट’ ने किया है। अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक, इस दौरान पहले १२ घंटों में ही लगभग ९०० मिसाइलें ईरान में अलग-अलग टारगेट्स पर दागी गईं। इन शुरुआती हमलों में ही ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई के कंपाउंड पर भी हमला हुआ, जिसमें उनकी मौत हो गई।
‘क्लाउड’ का कमाल
मैवेन प्लेटफॉर्म में एंथ्रोपिक कंपनी का जेनरेटिव एआई मॉडल क्लाउड लगा हुआ है। रिपोर्ट में बताया गया है कि क्लाउड खुफिया जानकारी का विश्लेषण करता है, संभावित लक्ष्यों को पहचानता है और उन्हें रणनीतिक महत्व के आधार पर रैंक करता है। हमले शुरू होने के बाद यह सिस्टम हमलों के प्रभाव का आकलन भी करता है, ताकि कमांडर जल्दी से प्लान बदल सकें। एंथ्रोपिक और पैलेंटीर की पार्टनरशिप से यह टेक्नोलॉजी अमेरिकी सेना के लिए उपलब्ध हुई है।
‘मैवेन स्मार्ट सिस्टम’ ने की मदद
एआई ने सेना को बहुत तेजी से लक्ष्य चुनने और हमले करने में मदद की, जिससे ईरान जवाबी कार्रवाई करने में नाकाम रहा। इस ऑपरेशन में मुख्य भूमिका निभाई मैवेन स्टार सिस्टम ने, जिसे अमेरिकी कंपनी पैलेंटीर ने बनाया है। यह एक बहुत उन्नत डेटा प्रोसेसिंग प्लेटफॉर्म है, जो सैटेलाइट, निगरानी सिस्टम और अन्य सैन्य स्रोतों से आने वाली बड़ी मात्रा में गुप्त खुफिया जानकारी को एनालाइज करता है। यह सिस्टम रीयल-टाइम में जानकारी प्रोसेस करता है और कमांडरों को टारगेट्स देता है।
२०,००० अमेरिकी
सैनिक AI एक्सपर्ट
अमेरिकी सेना में एआई का इस्तेमाल बढ़ रहा है। मैवेन स्मार्ट सिस्टम अब अमेरिकी सेना का बहुत महत्वपूर्ण टूल बन चुका है। रिपोर्ट के मुताबिक, मई २०२५ तक २०,००० से ज्यादा अमेरिकी सैन्य कर्मी इस प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर रहे थे। वे सैटेलाइट और निगरानी सिस्टम से आने वाली जानकारी को रीयल-टाइम में प्रोसेस करते हैं।
कमांडर इस सिस्टम पर इतना निर्भर हो गए हैं कि बड़ी मात्रा में संवेदनशील डेटा को तेजी से समझने में यह बहुत मददगार साबित हुआ है। रिपोर्ट में कहा गया है कि एआई पर निर्भरता इतनी ज्यादा हो गई है कि अगर एंथ्रोपिक के सीईओ डेरियो अमोडी सेना को यह टेक्नोलॉजी इस्तेमाल न करने को कहें, तो डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन सरकारी अधिकारों का इस्तेमाल कर इसे जारी रख सकता है।
