मुख्यपृष्ठनए समाचारखाड़ी युद्ध से दुनिया हैरान...रसोई गैस की किल्लत से मुंबईकर परेशान!

खाड़ी युद्ध से दुनिया हैरान…रसोई गैस की किल्लत से मुंबईकर परेशान!

-शहर भर में एजेंसियोें के बाहर उमड़ी भीड़…मुख्यमंत्री बता रहे स्थिति नियंत्रण में है

जेदवी / मुंबई

अमेरिका-इजराइल के ईरान पर किए जा रहे भीषण हमलों ने पूरी दुनिया को हैरान कर दिया है। इसका असर अब सीधे हिंदुस्थान पर पड़ने लगा है। यहां तेल व गैस की किल्लत महसूस की जाने लगी है। हालत यह है कि इस किल्लत ने मुंबईकरों को परेशान कर दिया है। पहले तो सरकार ने गैस सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए। इसके बाद सप्लाई में किल्लत के कारण गैस एजेंसियों के बाहर भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
ब्लैक में सिलेंडर
एक तरफ बढ़ती कीमतें और दूसरी तरफ गैस सिलेंडर की किल्लत ने महिलाओं पर दोहरा वार कर दिया है। रमजान के महीने में मुंबई में घरेलू गैस की खपत बढ़ जाती है। गृहिणी शाजिया खान ने बताया कि आम तौर पर एक महीने में एक गैस सिलेंडर ही पर्याप्त होता है, लेकिन रमजान के दौरान दो सिलेंडरों की जरूरत पड़ती है। इस समय गैस आसानी से नहीं मिल रही, जिसके कारण लोगों को मजबूरन ब्लैक में महंगी कीमत देकर सिलेंडर खरीदना पड़ रहा है।
होटलों में सिलेंडर की सप्लाई पूरी तरह ठप
खाड़ी युद्ध का बुरा असर पड़ना शुरू हो गया है। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में रसोई गैस (एलपीजी) की किल्लत ने आम नागरिकों से लेकर होटल उद्योग तक की चिंता बढ़ा दी है। शहर में घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति प्रभावित हो गई है, जबकि होटलों और रेस्तराओं में इस्तेमाल होने वाले कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई लगभग पूरी तरह ठप हो गई है। इसलिए गैस एजेंसियों के बाहर उपभोक्ताओं की भारी भीड़ लग रही है।
बता दें कि मुंबई के साथ ही अन्य शहरों का भी कमोबेश यही हाल है। बंगुलरु में कमर्शियल गैस संकट पैदा होने से आज से होटल बंद रहेंगे। कमर्शियल एलपीजी के महंगा होने के बाद से यह पैâसला लिया गया। गैस डीलरों के मुताबिक, हालात ऐसे बन गए हैं कि उपभोक्ताओं को सिलेंडर बुक करने के बाद २ से ८ दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है। कई इलाकों में गैस की अनिश्चित आपूर्ति के कारण लोगों में चिंता का माहौल देखा जा रहा है।
जानकारों के अनुसार, इजराइल-ईरान युद्ध के चलते गैस आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिसका असर अब हिंदुस्थान के शहरों में भी दिखाई देने लगा है।
लोगों में पैनिक
मुंबई में कल सोमवार सुबह से ही कई गैस एजेंसियों के बाहर उपभोक्ताओं की भीड़ देखने को मिली। पैनिक बुकिंग की स्थिति बन गई है। जिन परिवारों के पास दो सिलेंडर हैं, वे भी एहतियात के तौर पर जल्द से जल्द रिफिल बुक कराने के लिए एजेंसियों का रुख कर रहे हैं।
२५ दिनों बाद दूसरा सिलेंडर
डीलरों का कहना है कि पेट्रोलियम मंत्रालय के नए नियम के तहत अब घरेलू उपभोक्ता एक सिलेंडर मिलने के २५ दिन बाद ही दूसरा सिलेंडर बुक कर सकते हैं। पहले यह अवधि कम होने के कारण उपभोक्ताओं को इतनी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता था।

अन्य समाचार