उमेश गुप्ता / वाराणसी
जंसा थाना क्षेत्र के चौखंडी रेलवे लाइन पर सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। एक महिला अपने पति से विवाद के बाद 3 साल के बच्ची को लेकर ट्रेन के आगे कूद गई जिससे मौके पर बच्ची और मां की जान चली गई।
मिली जानकारी के अनुसार, (जंसा) थाना क्षेत्र के लच्छीपुर गांव निवासी अनीता देवी उम्र 22 वर्ष पत्नी अजीत कुमार अपने तीन वर्षीय दर्शना नामक बच्ची के साथ चौखंडी रेलवे लाइन पर सोमवार को वाराणसी से प्रयागराज की तरफ जा रहा सारनाथ एक्सप्रेस ट्रेन के आगे कूद गई। जिससे मौके पर ही मां बेटी की दर्दनाक मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना की जानकारी जैसे ही परिजनों को हुई घर में कोहराम मच गया। इधर मायका पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल पर रोने बिलखने लगे। रेलवे विभाग के गेटमैन की सूचना पर पहुंची जंसा पुलिस और जीआरपी की टीम शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृत महिला के मायका पक्ष से पिता ने तहरीर देकर दामाद पर आरोप लगाया है कि मेरी बेटी से दामाद हमेशा विवाद करता था जिसके वजह से बेटी मायके में लगभग 3 साल से रहती थी, सोमवार को हम काम पर गए थे, दामाद अजीत घर पर आकर किसी बहाने से मेरी बेटी को लेकर चल गया। बाद में हमलोगों इस घटना के बारे में जानकारी हुई। वही पति ने बताया कि मेरी पत्नी की तबियत खराब थी जिसको हम अपने बाइक से उसे मायके से लेकर दवा के लिए भवानीपुर जा रहे थे, उसके बाद मेरी पत्नी चौखंडी रेलवे लाइन के पास सहेली से मिलने की बात कह कर रेलवे लाइन क्रॉस करने लगी, ट्रेन आते देख हम बचाने के लिए दौड़े लेकिन ट्रेन बेटी और पत्नी पर होकर गुजर गई जिससे यह दुखद हादसा हुआ। इस घटना में जंसा थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि मृत महिला के पिता बद्रीप्रसाद द्वारा तहरीर दी गई है। जांच के बाद दोषी पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
