टी२० विश्व कप २०२६ के फाइनल के बाद भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह पर आईसीसी ने अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। अमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए फाइनल मुकाबले के दौरान कोड ऑफ कंडक्ट के उल्लंघन के लिए अर्शदीप पर मैच फीस का १५ प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। अर्शदीप को आईसीसी के आर्टिकल २.९ का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया, जो मैच के दौरान किसी खिलाड़ी की ओर खतरनाक तरीके से गेंद फेंकने से जुड़ा है। यह घटना न्यूजीलैंड की पारी के ११वें ओवर में हुई, जब अर्शदीप ने गेंद फेंकी जो बल्लेबाज डेरिल मिचेल के पैड पर जा लगी। इसके अलावा अर्शदीप के अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ा गया है। उन्होंने मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट की सजा को स्वीकार कर लिया, इसलिए औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी।
