मुख्यपृष्ठटॉप समाचारहिंदुस्थान पर गहराए अमेरिका-ईरान युद्ध के बादल... मुंबई के २० प्रतिशत होटल...

हिंदुस्थान पर गहराए अमेरिका-ईरान युद्ध के बादल… मुंबई के २० प्रतिशत होटल बंद!… ५० प्रतिशत होटलों पर ईंधन कमी का संकट

-एलएनजी, पीएनजी, सहित पेट्रोलियम उत्पादों पर सरकार ने लगाई बंदिशें

-आवश्यक वस्तु अधिनियम लागू

धीरेंद्र उपाध्याय / मुंबई

अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच भड़के युद्ध के बादल अब हिंदुस्थान पर गहराने लगे हैं। सबसे पहले तो एलपीजी (रसोई गैस) की किल्लत हो गई है। मुंबई में एलपीजी और एलएनजी गैस की सप्लाई चरमराने से शहर में गंभीर संकट खड़ा हो गया है। हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि करीब २० फीसदी होटल बंद हो चुके हैं। यदि जल्द आपूर्ति सामान्य नहीं हुई तो मुंबई के लगभग ५० फीसदी होटलों के बंद होने की नौबत आ सकती है।
बता दें कि इस संकट से सिर्फ होटल उद्योग ही नहीं, बल्कि आम लोगों की थाली पर भी सीधा खतरा मंडराने लगा है। यही वजह है कि सरकार ने एलएनजी, पीएनजी और एलपीजी समेत अन्य पेट्रोलियम उत्पादों पर भी बंदिशें लगाते हुए आवश्यक वस्तु अधिनियम लागू कर दिया है। जब भी कभी आपात जैसी स्थिति होती है, तब सरकार व्यवस्था बनाए रखने के लिए इसे लागू करती है।
होटलों में सिर्फ दो दिन का ईंधन स्टॉक!
अमेरिका-ईरान युद्ध का सबसे बुरा प्रभाव रसोई गैस की सप्लाई पर पड़ा है। इस कारण शहर के कई होटल बंद हो चुके हैं, जबकि कई होटलों के पास सिर्फ दो दिन का ही गैस स्टॉक बचा है। ऐसे में उनके भी बंद होने की खबर कभी भी आ सकती है। मुंबई समेत राज्य के अन्य शहरों का भी यही हाल है। राज्य के छत्रपति संभाजीनगर के शेंद्रा, वालुज और चिखलठाणा औद्योगिक क्षेत्रों में स्थिति और भी गंभीर हो गई है। एमआईडीसी क्षेत्र में रोजाना करीब २५० से ३०० मीट्रिक टन एलएनजी की आवश्यकता होती है, लेकिन कतर से आने वाली गैस आपूर्ति प्रभावित होने के कारण यह व्यवस्था पूरी तरह डगमगा गई है। कुछ बड़े उद्योगों ने पहले ही उत्पादन रोक दिया है और आने वाले दिनों में कई और कारखानों पर ताले लगने की आशंका जताई जा रही है।
हजारों लोगों की रोजी-रोटी पर संकट
वर्तमान स्थिति यह है कि कई होटलों के पास सिर्फ दो दिन का गैस स्टॉक बचा है। यदि अगले तीन दिनों में आपूर्ति सामान्य नहीं हुई तो मुंबई में करीब ५० प्रतिशत होटल बंद होने की नौबत आ सकती है। इससे हजारों कर्मचारियों की रोजी-रोटी पर भी संकट मंडराने लगा है।

 

अन्य समाचार