मुख्यपृष्ठसमाचारघटिया ड्रेनेज कार्य से बस का पहिया धंसा, बड़ा हादसा टला

घटिया ड्रेनेज कार्य से बस का पहिया धंसा, बड़ा हादसा टला

सामना संवाददाता / कल्याण
कल्याण-पूर्व में मनपा द्वारा कराए जा रहे ड्रेनेज कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। सड़कों के किनारे ड्रेनेज लाइन डालने के लिए खोदे गए गड्ढों को मानक के अनुसार भरने के बजाय केवल मिट्टी डालकर छोड़ दिया जा रहा है, जिससे आम नागरिकों को परेशानी उठानी पड़ रही है।

बुधवार सुबह श्मशान घाट के पास वालधुनी जाने वाले पुल से पहले सड़क किनारे ड्रेनेज के लिए खोदे गए गड्ढे में एक बस का पिछला पहिया धंस गया। उस समय बस में सवार यात्री सत्संग के लिए जा रहे थे। अचानक पहिया धंसने से यात्रियों में अफरा तफरी मच गई। हालांकि सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और उन्हें दूसरे साधनों से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। घटना के बाद क्रेन की मदद से बस को गड्ढे से बाहर निकाला गया। इस दौरान बस को मामूली नुकसान हुआ। बस मालिक का कहना है कि बस बड़ी होने के कारण कोई बड़ी अनहोनी नहीं हुई, लेकिन यदि उसी स्थान पर कोई रिक्शा या छोटा वाहन फंस जाता तो गंभीर हादसा हो सकता था।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि ड्रेनेज कार्य के दौरान ठेकेदार द्वारा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है और गड्ढों को केवल मिट्टी से भरकर छोड़ दिया जा रहा है। नागरिकों ने मनपा प्रशासन से मांग की है कि ऐसे लापरवाह ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर कार्य को तकनीकी मानकों के अनुसार पूरा कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।

अन्य समाचार