मुख्यपृष्ठनए समाचारमीरा रोड के छपरी ऑटोरिक्शा चालक बेझिझक करते हैं ट्रैफिक नियमों का...

मीरा रोड के छपरी ऑटोरिक्शा चालक बेझिझक करते हैं ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन!

अमर झा / मीरारोड

मीरा रोड स्टेशन परिसर में छपरी, टपोरी किस्म के ऑटोरिक्शा चालकों की भरमार है, जिनको यात्रियों से न तो बात करने की तमीज है और न ही सब्र। ऑटो चलाते वक्त ऐसा लगता है, जैसे जान-बूझकर जोखिम लेना, पहले निकलने की होड़, कट मारकर ओवरटेक करना, मानो खुद को कुशल चालक साबित करना चाहते हैं। ये लोग अपनी प्रकृति के मुताबिक, ट्रैफिक नियमों को भी नहीं मानते हैं।
पुलिस के सामने तोड़ते हैं सिग्नल
मीरा रोड के छपरी रिक्शा चालकों को ट्रैफिक नियम से कुछ भी लेना-देना नहीं है। ऐसा लगता है जैसे ट्रैफिक के नियम इनके लिए नहीं बने हैं। ये लोग ट्रैफिक पुलिस के सामने भी सिग्नल तोड़कर धड़ल्ले से निकल जाते हैं। मीरा रोड परिसर के कई वनवे मार्ग पर रॉन्ग साइड से घुस जाते हैं। मीरा-भायंदर की मुख्य सड़क को पार करने में अपनी ऑटो को घुसा देते हैं, जिससे सामने से आ रहा वाहन चालक हड़बड़ा जाता है। कई बार सामने वाले वाहन चालक से अभद्र भाषा में बोलकर आगे निकल जाते हैं।
यात्रियों को लगता है डर
मीरा रोड से कनकिया के लिए ऑटो लेने वाले यात्री संजय गुप्ता बताते हैं कि कभी-कभी ऐसा ऑटो चालक मिल जाता है, जिसकी ऑटो पर बैठने के बाद सुरक्षित घर पहुंचने का संशय बना रहता है, ऐसे चालक अपनी जान को जोखिम में तो डालते ही हैं, यात्रियों की जान की भी परवाह नहीं करते हैं। ये लोग जिस तरह से कट मारकर निकलते हैं, सिंग्नल की अनदेखी करते हैं। उससे कभी भी हादसा होने की संभावना बनी रहती है।
पुलिस करे सख्त कार्रवाई
यात्रियों का कहना है कि मीरा-भायंदर की ट्रैफिक पुलिस मुख्य सड़कों व सिग्नलों पर तैनात होकर आम लोगों पर कार्रवाई करती है, लेकिन ऐसे छपरी ऑटो वालों की अनदेखी करती है, जिससे इनका मनोबल बढ़ा रहता है। ऐसे में ट्रैफिक पुलिस को इन मनबढ़ ऑटोचालकों पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।

अन्य समाचार