मुख्यपृष्ठटॉप समाचारसरकारी कैंटीन में भी गैस खत्म...विधायकों को नहीं मिला भोजन!

सरकारी कैंटीन में भी गैस खत्म…विधायकों को नहीं मिला भोजन!

सामना संवाददाता / मुंबई

ईरान-अमेरिका के बीच चल रहे युद्ध का असर अब सीधा मुंबई में भी दिखाई देने लगा है। राज्य में गैस की भारी कमी के कारण कई होटल बंद होने लगे हैं। इसका असर विधानमंडल की वैंâटीन में भी देखने को मिला। गत मंगलवार की रात को कई विधायक और कर्मचारी भोजन के बिना ही सोने को मजबूर हो गए। विपक्ष ने इस गंभीर स्थिति को लेकर कल बुधवार को विधानसभा में सरकार से तुरंत इस समस्या के समाधान की मांग की।
मंगलवार को विधानसभा का कामकाज देर रात करीब सवा एक बजे समाप्त हुआ। उस समय विधानमंडल की कैंटीन बंद थी और गैस की कमी के कारण आसपास के कई होटल भी बंद हो चुके थे। ऐसे में कई विधायक, विधानमंडल कर्मचारी और सुरक्षा कर्मियों को भोजन नहीं मिल सका। बुधवार को जैसे ही विधानसभा की कार्यवाही शुरू हुई, कांग्रेस विधायक दल के नेता ने यह मुद्दा सदन में उठाया।
असुरक्षा का माहौल
राज्य में इस समय घरेलू गैस की भारी कमी हो गई है, जिससे आम लोगों खासकर गृहिणियों में चिंता और असुरक्षा का माहौल बन गया है। एक ओर सरकार विकास की बातें कर रही है, वहीं दूसरी ओर आम जनता को यह चिंता सताने लगी है कि उनके घर का चूल्हा वैâसे जलेगा। वडेट्टीवार ने सरकार से इस गंभीर स्थिति पर तुरंत अपनी स्पष्ट भूमिका बताने की मांग की।
गैस आई तो मिली राहत
विधानमंडल की कैंटीन में गैस की कमी से खान-पान पर असर पड़ने की खबर मिलते ही अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी और कुछ ही देर में कैंटीन में गैस सिलेंडर की आपूर्ति होने की खबर आ गई। इसके बाद कल वहां नाश्ते और भोजन की समस्या दूर हो गई।
रात १ बजे तक चला विधानमंडल
मंगलवार को विधानसभा का कामकाज रात एक बजे तक चला। गैस न होने के कारण विधानमंडल की कैंटीन समेत बाहर के कई होटल भी बंद पड़े थे। वडेट्टीवार ने बताया कि लगभग ४० प्रतिशत होटल गैस की कमी के कारण बंद कर दिए गए हैं, जिसका सीधा असर अर्थव्यवस्था पर पड़ रहा है। इसके साथ ही गैस की कमी के कारण कालाबाजारी बढ़ने की भी आशंका जताई जा रही है।
-‘वंदे भारत’ और ‘राजधानी’में यात्रियों का खाना बंद!
-मुंबई सेंट्रल के किचन में गैस सिलेंडर के टोटे
खाड़ी युद्ध की चिंगारी अब ट्रेनों तक पंहुच गई है। गैस सप्लाई में आई रुकावट का असर अब रेलवे की कैटरिंग सर्विस पर भी दिखने लगा है। आईआरसीटीसी के मुंबई सेंट्रल वाले किचन में कमर्शियल सिलेंडर की कमी हो गई है। इस वजह से रेलवे बोर्ड को आने वाले दिनों में खाने की सर्विस को रोकने का निर्देश दिया गया है। ऐसे में पहले से बुक किए गए खाने के पैसे वापस करने की भी तैयारी दिखाई है। राजधानी, वंदे भारत समेत कई दूसरी ट्रेनों में मिलने वाला खाना और खाने की चीजें इसी किचन में तैयार की जाती हैं। ट्रेन के सफर से पहले इन्हें ट्रेनों में लोड किया जाता है।
गैस की कमी और दाम वृद्धि के खिलाफ कांग्रेस का आज आंदोलन
गैस की कीमतों में बढ़ाकर महंगाई से पहले ही परेशान आम जनता के घावों पर सरकार ने नमक छिड़कने का काम किया है। कीमतों में बढ़ोतरी के साथ ही गैस बुकिंग की अवधि भी बढ़ा दी गई है। भारी कमी के कारण होटल बंद होने की नौबत आ गई है। सरकार के इस निर्णय के खिलाफ आज गुरुवार को प्रदेशभर में कांग्रेस आंदोलन करेगी। इस बारे में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने कहा कि मोदी सरकार के पास गैस और र्इंधन आपूर्ति को लेकर कोई ठोस योजना नहीं है, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।

अन्य समाचार