हिमांशु राज
अभिनेता गुलशन देवैया 2023 में रिलीज हुई फिल्म 8 ए एम मेट्रो को लेकर बेहद भावुक हैं। अमेजन प्राइम वीडियो पर इसकी डिजिटल रिलीज के बाद दर्शकों का अपार प्यार मिला है, जबकि थिएटर में इसका प्रदर्शन सीमित रहा था। गुलशन और सैयामी खेर की मुख्य भूमिकाओं वाली यह फिल्म नए निर्देशक राज राचकोंडा की रचना है, जिसे संवेदनशील कहानी के लिए सराहा जा रहा है।
दर्शकों के संदेशों से गुलशन अभिभूत हैं। लोग बता रहे हैं कि फिल्म की भावनाएं उनके दिल में लंबे समय तक बनी रहती हैं। गुलशन ने कहा, “ओटीटी पर मिला यह प्यार अनमोल तोहफा है। थिएटर में बिना बड़े प्रचार के यह ज्यादा शोर नहीं मचा सकी, लेकिन हमें भरोसा था कि यह एक ईमानदार फिल्म है। अब दर्शक इससे गहराई से जुड़ रहे हैं, जो मुझे भावुक कर देता है।”
उन्होंने इसे अपने करियर की सबसे भावनात्मक भूमिका बताया। गुलशन कहते हैं, “इस किरदार में शांति और आंतरिक उथल-पुथल को महसूस करना पड़ा। यह सामान्य प्रेम कहानी नहीं है, बल्कि वास्तविक रिश्तों की खामोशी भरी कहानी है, जहां अंत हमेशा परफेक्ट नहीं होता।”
दर्शक इन किरदारों में अपनी झलक देख रहे हैं और रिश्तों तथा पुराने दुखों की यादों से जुड़ रहे हैं। गुलशन का मानना है कि “आज के शोर और तनाव भरी दुनिया में उदासी से भरी संवेदनशील कहानियां भी जरूरी हैं। यह फिल्म अधूरेपन और भावनाओं की गहराई को महसूस करने का मौका देती है। उदासी में भी एक अलग खूबसूरती होती है।” ओटीटी पर मिली यह सफलता साबित करती है कि सच्ची और ईमानदार कहानियां देर-सबेर अपने दर्शक जरूर खोज लेती हैं।
