मनोज श्रीवास्तव/लखनऊ
बदायूं। उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में गुरुवार को दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज वारदात में हिंदुस्तान पेट्रोलियम के एक प्लांट के जनरल मैनेजर और उप प्रबंधक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार मूसाझाग थाना क्षेत्र के सैंजनी स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) पावर प्लांट में जनरल मैनेजर सुधीर गुप्ता और उप प्रबंधक हर्षित मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि दोनों अधिकारियों को सीने में गोली मारी गई, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए और जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार अभी हत्या के पीछे की सटीक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। बताया जा रहा है कि गुरुवार दोपहर कुछ हमलावर प्लांट परिसर में घुस आए और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद उन्होंने प्लांट के प्रबंधक सुधीर गुप्ता और उप प्रबंधक हर्षित मिश्रा पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोलियां लगते ही दोनों अधिकारी जमीन पर गिर पड़े। घटना के बाद प्लांट परिसर में अफरा तफरी और चीख पुकार मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
सूत्रों के अनुसार इससे पहले भी प्लांट के प्रबंधक सुधीर गुप्ता और उप प्रबंधक हर्षित मिश्रा को ठेकेदार अजय प्रताप सिंह उर्फ रामू सिंह द्वारा जान से मारने की कोशिश की गई थी। बताया जाता है कि अजय सिंह पराली का वेंडर था और करीब तीन महीने पहले उसकी कंपनी को ब्लैकलिस्ट कर दिया गया था। इसी को लेकर विवाद चल रहा था।
यह भी जानकारी सामने आई है कि आरोपी का भाई गांव का प्रधान है और उसकी मां कोटेदार है। जिस ग्राम सभा में यह प्लांट स्थापित है, वह उसी का क्षेत्र बताया जा रहा है। इस मामले को लेकर पहले से मुकदमे भी चल रहे थे।
दिनदहाड़े हुई इस गोलीकांड की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस प्लांट के कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है और परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। आरोप यह भी है कि गोली चलाने वाला व्यक्ति प्लांट में पेलोडर ऑपरेटर के पद पर काम कर चुका पूर्व कर्मचारी है। कुछ समय पहले उसे कंपनी से निकाल दिया गया था, जिसके बाद से विवाद बढ़ गया था। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
