मुख्यपृष्ठसमाचारसुल्तानपुर में डेढ़ साल से फरार हैं व्यापारी के हत्यारोपी भाजपाई ब्रदर्स...

सुल्तानपुर में डेढ़ साल से फरार हैं व्यापारी के हत्यारोपी भाजपाई ब्रदर्स !

– अदालत के सख्त रुख के बाद हरकत में आई योगी की पुलिस
– डीआईजी अयोध्या सोमेन बर्मा ने किया ५०००० रुपये के इनाम का एलान

सामना संवाददाता/सुल्तानपुर

योगी आदित्यनाथ की वह पुलिस, जो अपनी बुलडोजर नीति से अपराधियों का जीना हराम कर देने का दावा करती है, वही अवध के सुल्तानपुर जिले में दो हत्यारोपी भाइयों को पकड़ने में अब तक नाकाम साबित हो रही है। अदालत के सख्त रुख अपनाने और दोनों आरोपियों के खिलाफ वारंट जारी होने के बाद अब पुलिस सक्रिय होती दिखाई दे रही है।

बताया जा रहा है कि अयोध्या परिक्षेत्र के डीआईजी सोमेन बर्मा ने दोनों फरार आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये, यानी कुल 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।

जानकारी के अनुसार करीब डेढ़ वर्ष पहले 8 अक्टूबर 2024 को दोस्तपुर थाना क्षेत्र के गोशैसिंहपुर बाजार में व्यापारी संतराम अग्रहरि की सरेआम घेरकर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज वारदात में स्थानीय राजनीति में सक्रिय भाजपा से जुड़े अर्जुन सिंह पटेल को मुख्य साजिशकर्ता बताया गया, जबकि उनके भाई प्रदीप पटेल को भी मामले में नामजद किया गया था।

दोनों आरोपी सुल्तानपुर जिले के मोतिगरपुर क्षेत्र के खेमपुर गांव के निवासी बताए जाते हैं। आरोप है कि सत्ताधारी दल में अपनी पहुंच के कारण स्थानीय पुलिस शुरू से ही उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने से बचती रही।

घटना के बाद से ही दोनों आरोपी फरार चल रहे हैं। पुलिस की ओर से कई बार दबिश दी गई, साथ ही सीजेएम कोर्ट से गैर जमानती वारंट और कुर्की की कार्रवाई भी की गई, लेकिन इसके बावजूद न तो आरोपियों ने आत्मसमर्पण किया और न ही पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर सकी।

इस मामले को लेकर विभिन्न व्यापारी संगठनों और सामाजिक तथा राजनीतिक संगठनों ने समय-समय पर आवाज उठाई। पीड़ित व्यापारी परिवार ने भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर न्याय की गुहार लगाई। इसके बावजूद अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी और न ही उनके खिलाफ बुलडोजर जैसी कार्रवाई देखने को मिली।

फिलहाल अदालत के सख्त रुख के बाद अयोध्या परिक्षेत्र के डीआईजी सोमेन बर्मा ने दोनों फरार आरोपियों पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित करते हुए संबंधित अधिकारियों को उनकी जल्द से जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

अन्य समाचार