मुख्यपृष्ठस्तंभफोकस : शहर में एलपीजी की कमी से मचा हाहाकार!

फोकस : शहर में एलपीजी की कमी से मचा हाहाकार!

द्रुप्ति झा
-लोगों की बढ़ रही हैं चिंताएं
-विरोध प्रदर्शन की चेतावनी
मुंबई में इस समय एलपीजी सिलिंडर की आपूर्ति में गंभीर संकट चल रहा है, जिसका मुख्य कारण मिडिल ईस्ट में जारी तनाव (ईरान-अमेरिका-इजराइल संघर्ष के चलते सप्लाई चेन का प्रभावित होना है। इसका असर मुख्य रूप से कमर्शियल सिलिंडरों पर पड़ा है, जिससे शहर के लगभग २० प्रतिशत होटल और रेस्टोरेंट बंद होने के कगार पर हैं और आम लोगों में भी सिलेंडर की कमी को लेकर काफी चिंता व अफरातफरी का माहौल है। मुंबई में रविवार से कमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति लगभग पूरी तरह ठप हो गई है, जिससे होटल और रेस्टोरेंट का संचालन करना मुश्किल हो गया है। कई होटल मालिकों ने गैस की कमी के कारण अस्थायी रूप से अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए हैं।

घरेलू सिलिंडरों की किल्लत
घरेलू सिलिंडर के लिए भी बुकिंग के बाद रिफिल मिलने का समय २ से ८ दिनों तक बढ़ गया है, जिससे आम उपभोक्ताओं में डर का माहौल है और गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें देखी जा रही हैं। इसी बीच कुछ लोगों द्वारा इसका फायदा उठाते हुए कालाबाजारी और ऊंचे दाम में गैस सिलिंडर बेच कर लूटने की भी खबरें सामने आई है। जहां सिलिंडर ऊंचे दामों पर बेचे जाने की शिकायतें मिल रही हैं, वहीं केंद्र सरकार ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए ‘आवश्यक वस्तु अधिनियम’ लागू कर दिया है। पेट्रोलियम मंत्रालय ने सभी रिफाइनरियों को एलपीजी उत्पादन १०० प्रतिशत तक बढ़ाने और जमाखोरी रोकने के सख्त निर्देश दिए हैं। इन हालातों में स्थिति गंभीर बनी हुई है। होटल और रेस्टोरेंट से जुड़ी संस्था आहार ने चेतावनी दी है कि अगर गैस सप्लाई जल्द सामान्य नहीं हुई तो अगले दो दिनों में शहर के करीब ५० प्रतिशत होटल बंद हो जाएंगे। यह वाकई एक गंभीर स्थिति है। जब रसोई गैस जैसी बुनियादी चीज की कमी होती है तो इसका सीधा असर हर घर के चूल्हे और बजट पर पड़ता है। गुरुवार को नई मुंबई के कुछ हिस्सों में भी अफरातफरी मच गई, क्योंकि सानपाड़ा में स्थित गैस एजेंसियों के बाहर एलपीजी की भारी कमी के चलते लोगों की लंबी कतारें लग गईं। इस कमी के कारण होटल, रेस्तरां और खाद्य विक्रेताओं को बंद करना पड़ा या अपनी सेवाएं कम करनी पड़ीं। अंधेरी में रहनेवाली मोहिनी कदम ने कहा हमारा दस सदस्य का परिवार है और ऐसे में सिलिंडर की कटौती ने हमारे परिवार पर खाने को लेकर संकट ला दिया है। चांदीवली होटल एसोसिएशन के सेक्रेटरी रविंद्र जगदाले ने कहा इस समय होटल चालकों के सामने बहुत बड़ा संकट गहराया हुआ है। जिस तरीके से एलपीजी को लेकर भारी कटौती हो रही है आनेवाले समय में अगर हालातों में सुधार नहीं हुआ तो होटल्स बंद होने के कगार पर आ जाएंगे।

अन्य समाचार