एलपीजी गैस सिलिंडर मुद्दे पर संसद के बाहर प्रदर्शन
सामना संवाददाता / नई दिल्ली
देश में एलपीजी गैस सिलिंडर की कथित कमी को लेकर गुरुवार को संसद में जोरदार हंगामा देखने को मिला। विपक्ष ने सिलिंडर संकट को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला और इसे देश की ऊर्जा सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताया। एलपीजी संकट को लेकर संसद परिसर में विपक्षी सांसदों ने प्रदर्शन करते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और तत्काल जवाब की मांग की। प्रदर्शन के दौरान सांसदों ने ‘नरेंदर भी गायब, सिलेंडर भी गायब’ जैसे नारे लगाए और सरकार पर जनता की समस्याओं से मुंह मोड़ने का आरोप लगाया।
विपक्षी नेताओं का कहना था कि गैस सिलिंडर की कमी और बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की रसोई पर सीधा असर डाला है, लेकिन सरकार इस मुद्दे पर गंभीरता नहीं दिखा रही। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इस मुद्दे पर चर्चा कराने के लिए नोटिस दिया। विपक्ष का कहना है कि देश के कई हिस्सों में एलपीजी सिलिंडरों की आपूर्ति प्रभावित हो रही है और जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, इसलिए सरकार को संसद में स्पष्ट स्थिति बतानी चाहिए। यह भी कहा कि देश एक अस्थिर दौर में प्रवेश कर रहा है और सरकार को अपनी सोच बदलकर ठोस कदम उठाने होंगे। इस मुद्दे पर बोलते हुए लोकसभा में विपक्ष नेता राहुल गांधी ने कहा कि देश में एलपीजी गैस और ईंधन की स्थिति गंभीर हो सकती है और सरकार को तुरंत तैयारी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि गलत विदेश नीति के कारण देश की ऊर्जा सुरक्षा से समझौता हुआ है और आने वाले समय में ईंधन संकट और गहरा सकता है। राहुल गांधी ने कहा कि वह कोई राजनीतिक बयान नहीं दे रहे, बल्कि सरकार को चेतावनी दे रहे हैं कि अगर अभी से तैयारी नहीं की गई तो करोड़ों लोगों को बड़ा नुकसान उठाना पड़ सकता है।
`इंडिया’ गठबंधन की महिला सांसदों ने जलाए चूल्हे
एलपीजी संकट को लेकर संसद परिसर में `इंडिया’ गठबंधन की महिला सांसदों ने अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। महिला सांसदों ने प्रतीकात्मक रूप से चूल्हे जलाकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया और कहा कि गैस सिलिंडर की कमी और महंगाई का सबसे ज्यादा असर देश की महिलाओं और गरीब परिवारों पर पड़ रहा है। महिला सांसदों का कहना था कि रसोई का संकट केवल राजनीतिक मुद्दा नहीं बल्कि करोड़ों परिवारों की रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़ा सवाल है, जिस पर सरकार को तुरंत ठोस कदम उठाने चाहिए।
पीएम खुद ही पैनिक में हैं! … राहुल गांधी का मोदी पर निशाना
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पीएम नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा, ‘वह खुद ही घबराए हुए है। पीएम बोल रहे हैं कि पैनिक करने की जरूरत नहीं है, लेकिन वे खुद पैनिक में हैं कई अन्य वजहों से। वे एपस्टीन की वजह से पैनिक में हैं, वे अडाणी केस की वजह से पैनिक में हैं। कल पीएम की कुर्सी खाली पड़ी थी। वे देश को कह रहे थे कि पैनिक ना करें और खुद पैनिक में हैं।’
