(एक परी कथा का अंत–९)
श्रीकिशोर शाही
पत्नी की लोकप्रियता जब चरम पर पहुंच जाए तो बहुत कम पति इसे दिल से हजम कर पाते हैं। प्रिंस चार्ल्स और प्रिंसेस ऑफ वेल्स डायना का संबंध भी अपवाद नहीं था। दोनों के विवाह को दो वर्ष बीत चुके थे। हनीमून पीरियड खत्म हो चुका था। शादी के दो साल बाद १९८२ में डायना ने अपने पहले बेटे को जन्म दिया। प्रिंस विलियम के आगमन के साथ राजपरिवार में नई खुशी के माहौल ने दस्तक दी थी। कुछ समय के लिए सार्वजनिक चर्चाओं का केंद्र बदल गया। लोगों ने युवा राजकुमारी को अब एक मां की भूमिका में देखना शुरू किया। डायना ने इस भूमिका को औपचारिकता से अलग ढंग से निभाया। परंपरा के अनुसार, शाही बच्चों की परवरिश अक्सर नर्सों और सहायकों के माध्यम से होती थी, लेकिन डायना ने इस परंपरा को थोड़ा बदल दिया। वह अपने बच्चों के साथ अधिक समय बिताना चाहती थीं। उसे अकेला छोड़ने से परहेज करती थीं। कई मौकों पर उन्होंने प्रिंस विलियम को सार्वजनिक कार्यक्रमों में साथ ले जाने का निर्णय लिया। यह शैली राजपरिवार के लिए नई थी, लेकिन आम लोगों को इससे निकटता का एहसास हुआ।
इसके बाद १९८४ में डायना ने दूसरे बेटे प्रिंस हैरी को जन्म दिया। अब परिवार की तस्वीर पूर्ण दिखाई देने लगी। सार्वजनिक कार्यक्रमों में चार्ल्स और डायना अपने दोनों बेटों के साथ दिखाई देते थे। मीडिया के कैमरे इन क्षणों को बार-बार दिखाते थे और डायना की लोकप्रियता तेजी से बढ़ती गई। सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए प्रिंस चार्ल्स से ज्यादा प्रिसेंस डायना की डिमांड होने लगी। डायना को देखते ही कैमरे के फ्लैश लाइट उस ओर चमकने लगते। शायद यह बात प्रिंस चार्ल्स के अहम को ठेस पहुंचाने लगी थी। बहुत कम पति अपनी पत्नी की लोकप्रियता को पचा पाते हैं।
बहरहाल, डायना की पहचान अब केवल प्रिंसेस ऑफ वेल्स तक सीमित नहीं रही। अस्पतालों, बच्चों के संस्थानों और सामाजिक अभियानों में उनकी सक्रियता ने उन्हें अलग स्थान दिलाया। वह मरीजों से हाथ मिलातीं, बच्चों के साथ बैठतीं और बिना औपचारिक दूरी के बातचीत करतीं। उस समय के लिए यह शैली असामान्य थी, लेकिन सार्वजनिक प्रशंसा के बीच निजी जीवन की जटिलताएं समाप्त नहीं हुर्इं। विवाह के भीतर पहले से मौजूद तनाव बना रहा। कैमरों के सामने परिवार मुस्कुराता था, पर भीतर संवाद कम होता जा रहा था। मातृत्व ने डायना को नई पहचान दी और यही पहचान उन्हें जनता के और करीब ले आई।
(शेष अगले अंक में)
