मुख्यपृष्ठनए समाचारभीड़ बढ़ने पर गैस एजेंसी का शटर गिराना पड़ा...बुलानी पड़ी पुलिस

भीड़ बढ़ने पर गैस एजेंसी का शटर गिराना पड़ा…बुलानी पड़ी पुलिस

राजेश सरकार / प्रयागराज

गंगानगर के झूंसी क्षेत्र में रसोई गैस सिलेंडर को लेकर अफरातफरी का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में उपभोक्ता सुबह से ही गैस एजेंसी और गोदाम पर खाली सिलेंडर लेकर पहुंच गए। भीड़ बढ़ने के साथ ग्राहकों और एजेंसी कर्मचारियों के बीच विवाद होने लगा। इसके बाद स्थिति संभालने के लिए मौके पर पुलिस बुलानी पड़ी। बताया जा रहा है कि झूंसी गैस एजेंसी से करीब 40 हजार उपभोक्ता जुड़े हुए हैं। एजेंसी का गोदाम लीलापुर रोड स्थित चकहरिहर वन क्षेत्र में है। यहां से झूंसी के अलावा हनुमानगंज, सैदाबाद और सहसों क्षेत्र के लोगों को गैस आपूर्ति की जाती है। सुबह करीब दस बजे जीटी रोड स्थित गैस एजेंसी कार्यालय के बाहर उपभोक्ताओं की लंबी कतार लग गई। कुछ ही देर में भीड़ इतनी बढ़ गई कि कार्यालय के मुख्य गेट से लेकर अंदर तक लोग जमा हो गए। इस दौरान ग्राहकों और कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया और देखते ही देखते हंगामा शुरू हो गया। स्थिति बिगड़ती देख कर्मचारियों ने एजेंसी का शटर बंद कर दिया और पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलने पर पीआरवी पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराया। इसके बाद दोबारा शटर खोलकर गैस वितरण का काम शुरू किया गया। एजेंसी प्रबंधक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि गैस सिलेंडर का वितरण केवल बुकिंग के आधार पर किया जा रहा है। कई लोग बिना बुकिंग के ही सिलेंडर लेने पहुंच रहे हैं, जिससे अव्यवस्था की स्थिति बन रही है।
शुरुआती दौर की याद ताजा होने लगी
रसोई गैस को लेकर तीन दिनों से लग रही लंबी कतारों ने लोगों को शुरुआती दौर में गैस सिलेंडरों की आपूर्ति के दौरान एक सिलेंडर पाने के लिए घंटों लाइन में लगे रहने की याद ताजा कर दी। कई उपभोक्ताओं का कहना है कि ऑनलाइन बुकिंग भी सही तरीके से नहीं हो पा रही है, जिससे उन्हें एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। जिन परिवारों में शादी या अन्य कार्यक्रम हैं उनकी चिंता और बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि अगर जल्द ही गैस की आपूर्ति सामान्य नहीं हुई तो उन्हें वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ेगी।

अन्य समाचार