लखनऊ। थाना चौक क्षेत्र में चार वर्षीय मासूम की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए पिता और उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार 13 मार्च 2026 को वादी श्रीमती सुधा कश्यप, निवासी सहजनगर, जनपद उन्नाव ने सूचना दी कि उनका नाती अर्नव खरबन्दा अपने पिता के घर से लापता है। जानकारी मिलने पर जब परिजन लाजपत नगर स्थित मकान पहुंचे तो बच्चे का शव कमरे में पड़ा मिला। शव पर चोट और जलाने के निशान पाए गए। इसके आधार पर हत्या की आशंका को देखते हुए थाना चौक में मु0अ0सं0 040/2026, धारा 103 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए मुखबिर की सूचना पर 14 मार्च 2026 को सुबह करीब 10:30 बजे नेहरू युवा केंद्र के पास से आरोपी भीम खरबन्दा, पुत्र ओमप्रकाश खरबन्दा, निवासी मकान संख्या 11/2, लाजपत नगर, थाना चौक, लखनऊ तथा उसकी पत्नी रानी खरबन्दा को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त आरी, वायर, तेज धार चाकू, स्केल, बेल्ट और रस्सी बरामद की है। पूरी कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक नागेश उपाध्याय के नेतृत्व में की गई। टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्रा और उपनिरीक्षक जयकृष्ण द्विवेदी, थाना चौक, कमिश्नरेट लखनऊ शामिल रहे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
