फातिमा सना शेख ने आमिर खान की फिल्म ‘दंगल’ में गीता फोगाट का किरदार निभाकर खास पहचान बनाई। हाल ही में उन्होंने फिल्म के सेट पर आए दौरे के अनुभव के बारे में खुलकर बताया। फातिमा ने पॉडकास्ट में कहा कि ‘दौरा अचानक आया और उन्हें खुद नहीं पता था कि क्या हो रहा है। उन्होंने तुरंत अपनी टीम को बताया, जिसमें आमिर खान, सान्या मल्होत्रा और ट्रेनर कृपा शंकर बिश्नोई शामिल थे। टीम ने तुरंत मदद की और इंटरनेट के जरिए जानकारी जुटाई।’ फातिमा को डॉक्टर के पास ले जाया गया, जहां उनका एमआरआई और ईईजी हुआ। उन्हें दवाएं दी गईं, लेकिन दवा की डोज इतनी ज्यादा थी कि उन्हें नशे जैसी स्थिति महसूस हुई। सीधे चलना मुश्किल हो गया और उन्होंने बहुत अकेलापन, उदासी और गुस्सा महसूस किया। चुपचाप उन्होंने दवाएं लेना बंद कर दिया क्योंकि उनका काम, जिसमें ट्रेनिंग और कुश्ती शामिल थी, करना असंभव हो गया था। फातिमा ने बताया कि उन्हें यह समस्या लगभग चार साल तक रही, लेकिन सेट पर टीम के समर्थन ने उन्हें इस कठिन दौर से गुजरने में मदद की।
