मुख्यपृष्ठनए समाचारनृशंस हत्या से दहला यूपी— महिला का सिर कलम कर 500 मीटर...

नृशंस हत्या से दहला यूपी— महिला का सिर कलम कर 500 मीटर दूर फेंका, हाथ पर गुदे नाम के सहारे पुलिस ने शुरू की जांच

मनोज श्रीवास्तव/लखनऊ
बुलंदशहर के बुगरासी स्थित थाना नरसेना क्षेत्र में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव घुंघरावली के पास रजवाहे के समीप एक खेत में करीब 32 वर्षीय महिला का सिरविहीन शव बरामद हुआ। हत्यारों ने पहचान छिपाने की नीयत से महिला की गर्दन धड़ से अलग कर सिर को गायब कर दिया था। हालांकि पुलिस की सघन कांबिंग के करीब सात घंटे बाद घटनास्थल से लगभग 500 मीटर दूर झाड़ियों से महिला का कटा हुआ सिर भी बरामद कर लिया गया।

महिला के हाथ पर ‘बबली’ और ‘जूनी सिंह’ जैसे नाम गुदे हुए मिले हैं, जिनके आधार पर पुलिस उसकी शिनाख्त के प्रयास कर रही है। सूचना मिलते ही थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग या आपसी रंजिश में की गई हत्या का प्रतीत हो रहा है।

शव मिलने के बाद सबसे बड़ी चुनौती महिला का सिर तलाशना था। एसएसपी दिनेश कुमार सिंह के निर्देश पर पुलिस टीमों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर आसपास के जंगलों और रजवाहे के पानी में तलाशी अभियान चलाया। करीब 500 मीटर के दायरे में सघन कांबिंग के बाद दोपहर में शव मिलने के स्थान से करीब आधा किलोमीटर दूर सरसों के खेत से महिला का कटा हुआ सिर बरामद हुआ। सिर मिलने के बाद पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि हत्यारों ने महिला के साथ बेहद बेरहमी से वारदात को अंजाम दिया। घटनास्थल पर दूर-दूर तक खून के निशान मिले हैं, जिससे संकेत मिलता है कि हत्या इसी सुनसान इलाके में की गई। संघर्ष के भी स्पष्ट निशान मिले हैं, जिससे आशंका है कि महिला ने हमलावरों से बचने की कोशिश की होगी।

महिला की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस के लिए सबसे बड़ा सुराग मृतका के दाहिने हाथ पर गुदे नाम हैं। उसकी बाजू पर पहली पंक्ति में “करत ले पिता”, दूसरी में “बबली” और तीसरी में “जूनी सिंह” लिखा हुआ है। पुलिस को आशंका है कि मृतका का नाम बबली हो सकता है।

एसएसपी ने जिले के सभी थानों और आसपास के जनपदों—हापुड़, मेरठ और अलीगढ़—की पुलिस को सूचना दे दी है। सोशल मीडिया और व्हाट्सएप समूहों में हाथ की तस्वीरें साझा कर पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिस तरह से गर्दन धड़ से अलग की गई, उससे अंदेशा है कि वारदात को पेशेवर अपराधियों ने अंजाम दिया है या फिर हत्यारों के मन में मृतका के प्रति गहरा आक्रोश था। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड की मदद से साक्ष्य जुटाए हैं। साथ ही क्षेत्र के मोबाइल टावरों का डंप डेटा खंगाला जा रहा है, ताकि घटना के समय सक्रिय मोबाइल नंबरों का पता लगाया जा सके।

अन्य समाचार