फिरोज खान
उत्तर प्रदेश का गोंडा जिला अपनी चीनी इंडस्ट्री के लिए मशहूर है, पर यहीं से एक ऐसी खौफनाक आनर किलिंग की तस्वीर सामने आई, जिससे पता चला आज भी प्रेम को लेकर समाज और परिवार में खतरनाक जहर भरा हुआ है। १९ साल की शिवानी को यह पता नहीं था कि मोहब्बत करने की सजा भयानक रूप में मिलेगी। उसकी हत्या कोई साधारण हत्या नहीं थी। उसकी मौत का मंजर गुमान करके रूह कांप उठती है। उसे जब मौत की सेज पर लेटाया गया तो उसकी नजरों के सामने मौत नाचने लगी। वह कहने लगी पापा मेरी जान को बख्श दो, मेरी जिद पूरी कर दो, बड़ा उपकार होगा। बेटी गिड़गिड़ा रही थी। बावजूद इसके अड़ियल पत्थर दिल पिता का दिल पिघला नहीं और उसने बेटी को ऐसी मौत दी, शायद ही कोई पिता ऐसा कर सकता है। बेटी का कत्ल करने के बाद पिता और बेटे ने हत्या को हादसा बताने की कोशिश की। शिवानी के कत्ल के राजदार सिर्फ दो ही लोग थे। एक पिता और दूसरा उसका बेटा। बड़ी चालाकी से किया मर्डर का राज आखिर वैâसे खुला और इसके पीछे भी दिलचस्प कहानी है।
पांडेय बाबा पुरवा इलाके में रहने वाली १९ साल की शिवानी की ३० जनवरी, २०२६ की सुबह संदिग्ध हालात में मौत हो गई। इस बारे में शिवानी के पिता और भाई ने सुबह ७ बजे पुलिस को सूचना दी और बताया कि शिवानी कपड़े इस्तरी कर रही थी और करंट लगने से उस की मौत हो गई। इस के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। शिवानी की लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर जांच शुरू की। पिता का बयान दर्ज करने के बाद पुलिस को यकीन हो गया कि शिवानी की मौत इलेक्ट्रिक शॉक लगने से हुई, क्योंकि हादसे के वक्त पिता और उनका बेटा घर पर थे। एक पिता बेटी की मौत की जानकारी गलत नहीं दे सकता, यह सोचकर पुलिस ने फाइल बंद कर दी। कहानी में ट्विस्ट तब आया जब शिवानी का प्रेमी एक दिन पुलिस थाने पंहुचा और उसने शिवानी की हत्या का शक पिता पर जाहिर किया। प्रेमी की बात सुनकर पुलिस को उसकी बातों पर भरोसा नहीं हुआ और उसे वहां से दफा हो जाने को कहा। प्रेमी हाथ जोड़कर खड़ा रहा और बोला उसके पास सबूत है। सबूत की बात सुनकर पुलिस के कान खड़े हो गए। प्रेमी ने अपना मोबाइल निकाला और कॉल की रेकॉर्डिंग सुनाई, जिसमें शिवानी कह रही थी उसे बचा लो, पापा उसे मार डालेंगे।
प्रेमी ने यह भी बताया कि उसका ५ साल से शिवानी के साथ अफेयर चल रहा था। जब यह बात शिवानी के पिता और भाई को मालूम हुई, तो वे आगबबूला हो गए और प्रेम संबंध खत्म करने के लिए प्रताड़ित करने लगे थे। लेकिन शिवानी प्यार का रिश्ता तोड़ने के लिए तैयार नहीं थी। प्रेमी की बात सुनने के बाद पुलिस हरकत में आई। शिवानी के पिता और भाई को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की तो इन दोनों आरोपियों ने बताया कि वारदात वाले दिन शिवानी सुबह के तकरीबन ५ बजे घर से चुपचाप भागने की फिराक में थी। यह पता चलने पर वे शिवानी को कमरे में ले गए और भाई राहुल ने उसे तख्त पर लिटा दिया, फिर उस के हाथों को मफलर से बांध दिया। पिता ने शिवानी के हाथ और पैर पर इलेक्ट्रिक शॉक तब तक दिए जब तक उसकी मौत नहीं हो गई।
