मुख्यपृष्ठसमाचारगैस सिलेंडर की किल्लत के विरोध में NSUI का प्रदर्शन, पुलिस ने...

गैस सिलेंडर की किल्लत के विरोध में NSUI का प्रदर्शन, पुलिस ने खदेड़ा

सिलेंडर किया जब्त, जमकर हुई तू-तू मैं-मैं

उमेश गुप्ता / वाराणसी

शहर में एलपीजी गैस की किल्लत को लेकर रविवार को महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ परिसर के पास NSUI कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन पुलिस के साथ तीखी नोकझोंक में बदल गया। प्रदर्शन के दौरान मौके पर पहुंची पुलिस ने विरोध कर रहे छात्रों को खदेड़ दिया और उनके पास मौजूद गैस सिलेंडर जब्त कर लिए। इस दौरान छात्रों और पुलिसकर्मियों के बीच काफी देर तक तू-तू मैं-मैं होती रही।

NSUI के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शहर में एलपीजी गैस की कमी और सिलेंडर वितरण में आ रही समस्याओं के विरोध में प्रदर्शन करने पहुंचे थे। प्रदर्शन को प्रतीकात्मक रूप देने के लिए छात्रों ने नाले से गैस निकालने की कोशिश करते हुए अनोखे अंदाज में अपना विरोध दर्ज कराया। उनका कहना था कि शहर में गैस की स्थिति इतनी खराब हो गई है कि लोगों को प्रतीकात्मक रूप से नाले से गैस निकालने जैसा प्रदर्शन करना पड़ रहा है।

जैसे ही प्रदर्शन शुरू हुआ, सूचना मिलने पर सिगरा थाना क्षेत्र की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों को हटाने की कोशिश की, जिस पर छात्रों ने विरोध जताया। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच बहस तेज हो गई और माहौल कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गया। पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए प्रदर्शनकारियों को मौके से खदेड़ दिया और प्रदर्शन में इस्तेमाल किए जा रहे गैस सिलेंडरों को जब्त कर लिया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बिना अनुमति के सड़क पर इस तरह का प्रदर्शन करना और गैस सिलेंडर जैसी संवेदनशील वस्तु का इस्तेमाल करना सुरक्षा की दृष्टि से ठीक नहीं है, इसलिए कार्रवाई की गई है। वहीं पुलिस अब विरोध प्रदर्शन में शामिल लोगों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की तैयारी कर रही है।

दूसरी ओर NSUI के प्रदेश अध्यक्ष ऋषभ पांडे ने कहा कि शहर में गैस की समस्या को लेकर लोग परेशान हैं और सरकार इस मुद्दे पर ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता की आवाज उठाने पर पुलिस प्रशासन छात्रों को दबाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि गैस किल्लत की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

अन्य समाचार