दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित फिल्म अवॉर्ड समारोह एकेडमी अवॉर्ड्स (ऑस्कर) के ९८वें संस्करण का समापन हो गया। इस बार कई फिल्मों ने अलग-अलग श्रेणियों में शानदार प्रदर्शन किया और अवॉर्ड अपने नाम किए। भारत की ओर से भी कई फिल्मों को ऑस्कर के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया था, लेकिन कोई भी फिल्म अंतिम नॉमिनेशन तक नहीं पहुंच सकी। साल २०२३ में दो ऑस्कर जीतने के बाद इस बार भारतीय सिनेमा को कोई अवॉर्ड नहीं मिला। हालांकि, अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने समारोह में प्रेजेंटर के रूप में हिस्सा लेकर भारत का प्रतिनिधित्व किया। वह अपने पति निक जोनस के साथ इस कार्यक्रम में नजर आईं। ऑस्कर समारोह में पहुंचने से पहले प्रियंका का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें वह गोल्फ कार्ट में आगे बैठी दिखाई देती हैं, जबकि निक जोनस पीछे बैठे होते हैं। मोड़ लेते समय कार्ट अचानक एक तरफ झुक जाती है, जिससे कुछ पल के लिए हादसे का खतरा बन जाता है। हालांकि, ड्राइवर ने तुरंत संतुलन संभाल लिया और कोई दुर्घटना नहीं हुई।
