मुख्यपृष्ठस्तंभउत्तर की बात : मायावती का विपक्ष पर हमला

उत्तर की बात : मायावती का विपक्ष पर हमला

रोहित माहेश्वरी
लखनऊ

बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने कांशीराम की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए बहुजन समाज को एकजुट रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बीएसपी ही बहुजन समाज के हित, कल्याण और उत्थान के लिए सच्चे अर्थों में काम करने वाली पार्टी है, जबकि अन्य दल कथनी और करनी में अंतर रखते हैं। मायावती ने आरोप लगाया कि कुछ दल चुनाव के समय दलित, पिछड़े और मुस्लिम समाज को याद करते हैं, लेकिन सत्ता में आने के बाद उनकी उपेक्षा करते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे बीएसपी से जुड़कर अपने वोट की ताकत से सत्ता की ‘मास्टर चाबी’ हासिल करें।

दारोगा भर्ती परीक्षा में विवाद
उत्तर प्रदेश पुलिस की दारोगा भर्ती परीक्षा के एक प्रश्न को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। परीक्षा में ‘अवसरवादी’ शब्द के विकल्प के रूप में ‘पंडित’ शब्द दिए जाने पर ब्राह्मण समाज और कई संगठनों ने कड़ी आपत्ति जताई है। इस मामले को लेकर सोशल मीडिया पर भी तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं और सरकार से कार्रवाई की मांग की जा रही है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं सरकार की मानसिकता को दर्शाती हैं और किसी भी समाज का अपमान स्वीकार नहीं किया जा सकता। विवाद बढ़ने के बाद संबंधित प्रश्न की जांच के आदेश दिए गए हैं।

बुलडोजर कार्रवाई पर सवाल
उत्तर प्रदेश में अवैध निर्माण के खिलाफ चल रही बुलडोजर कार्रवाई को लेकर मुरादाबाद में नया विवाद सामने आया है। मुरादाबाद के मेयर विनोद अग्रवाल ने प्रशासन की कार्रवाई के तरीके पर सवाल उठाते हुए प्रदेश सरकार को पत्र लिखा है। उनका कहना है कि कुछ मामलों में बिना पर्याप्त जांच के बुलडोजर चलाया गया और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को विश्वास में नहीं लिया गया। इस मुद्दे पर विपक्ष ने भी सरकार पर निशाना साधा है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि कार्रवाई पूरी प्रक्रिया के तहत होनी चाहिए, जबकि प्रशासन का कहना है कि सभी कार्रवाई कानून के दायरे में की जा रही है।
गैस सिलेंडर पर अखिलेश का तंज
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एलपीजी गैस सिलेंडर की कमी को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में गैस की उपलब्धता को लेकर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि अगर हालात ऐसे ही रहे तो लोगों को फिर से लकड़ी और कंडों पर खाना बनाने की नौबत आ सकती है। उन्होंने कहा कि सरकार को गैस की आपूर्ति व्यवस्था सुधारनी चाहिए, ताकि आम जनता और शादी-समारोहों में किसी तरह की दिक्कत न हो। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार समस्या को स्वीकार करने के बजाय उससे बचने की कोशिश कर रही है।

अन्य समाचार