मुख्यपृष्ठनए समाचारमध्य रेलवे की मेन लाइन पर हाहाकार ...३०–३५ मिनट लेट दौड़ीं ट्रेनें

मध्य रेलवे की मेन लाइन पर हाहाकार …३०–३५ मिनट लेट दौड़ीं ट्रेनें

हर बार वही जवाब ‘तकनीकी खराबी’, लाखों यात्री परेशान
जेदवी / मुंबई
सोमवार की सुबह मुंबई की लाइफलाइन एक बार फिर सुस्त पड़ गई। मध्य रेलवे की मेन लाइन पर लोकल ट्रेनों की रफ्तार थम गई, जिससे हजारों यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह के पीक आवर्स में ट्रेनें अपने निर्धारित समय से करीब ३० से ३५ मिनट की देरी से चलने के कारण स्टेशनों पर अफरा-तफरी और भीड़ का नजारा देखने को मिला।सबसे ज्यादा असर सीएसएमटी की ओर जाने वाली ‘अप’ फास्ट ट्रेनों पर पड़ा। दफ्तर और कामकाज के लिए निकलने वाले यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा। कई स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म यात्रियों से खचाखच भर गए और ट्रेन आते ही चढ़ने की हड़बड़ी मच गई।
रेलवे सूत्रों के अनुसार, सुरक्षा कारणों से कुछ समय के लिए ट्रेनों को रोका गया, जिससे पूरी लाइन की समय-सारिणी गड़बड़ा गई और देरी का सिलसिला शुरू हो गया। इसके बाद ट्रेनों का परिचालन धीरे-धीरे सामान्य किया गया।
हर बार वही बहाना, यात्री उठा रहे सवाल
हालांकि, यात्रियों का कहना है कि लोकल ट्रेनों में देरी होने पर रेलवे प्रशासन हर बार ‘तकनीकी खराबी’ का ही हवाला देता है, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में ठोस कदम नजर नहीं आते। रोजाना लाखों लोग लोकल ट्रेनों पर निर्भर हैं, ऐसे में बार-बार होने वाली तकनीकी गड़बड़ियों से यात्रियों का धैर्य टूटता जा रहा है।
पश्चिम रेलवे पर ब्लॉक का असर नहीं
रेलवे अधिकारियों ने यह भी बताया कि रविवार को प्रभादेवी में रोड ओवर ब्रिज (Rध्ँ) के गर्डर हटाने का काम क्रेन में आई खराबी के कारण पूरा नहीं हो सका, जिसे अब अगले हफ्ते के लिए टाल दिया गया है। इसलिए पश्चिम रेलवे पर किसी अतिरिक्त ब्लॉक का असर नहीं पड़ा। फिलहाल ट्रेनों का परिचालन धीरे-धीरे पटरी पर लौट रहा है, लेकिन सुबह की देरी के कारण शेड्यूल पूरी तरह सामान्य होने में अभी कुछ समय लग सकता है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले यात्री ऐप या स्टेशन की आधिकारिक घोषणाओं की जानकारी जरूर देख लें।

 

 

अन्य समाचार