कानपुर से सामने आई रोंगटे खड़ी करने वाली घटना
कानपुर के बिधनू थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। यहां सोमवार से लापता ११ वर्षीय मासूम बच्ची का शव मंगलवार सुबह गेहूं के खेत में दफन अवस्था में बरामद किया गया। बच्ची का शव निर्वस्त्र हालत में मिला और उसके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। इस जघन्य अपराध ने न केवल स्थानीय लोगों को आक्रोशित कर दिया है, बल्कि कानून-व्यवस्था और महिलाओं-बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बता दें कि मृत बच्ची के पिता के अनुसार, उनकी बेटी कक्षा पांच की छात्रा थी और पढ़ाई में भी अच्छी थी। सोमवार की शाम वह रोज की तरह घर से पास के खेतों में बकरियां चराने के लिए निकली थी। परिवार को यह बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि यह उसकी आखिरी शाम होगी। जब देर शाम तक बच्ची घर वापस नहीं लौटी तो परिजनों को चिंता होने लगी। उन्होंने आसपास के इलाकों में खोजबीन शुरू की। बाद में परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी सक्रिय हो गई और बच्ची की तलाश शुरू की गई।
पड़ोसी युवक हिरासत में
पुलिस ने परिजनों के शक के आधार पर एक पड़ोसी युवक को हिरासत में लिया है। उससे गहन पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले हैं, लेकिन अभी तक आधिकारिक तौर पर कुछ भी स्पष्ट नहीं किया गया है।
३ नाबालिगों ने किया ८ साल की बच्ची का गैंगरेप
दिल्ली के ओखला फेज२ में एक ८ वर्षीय बच्ची से गैंगरेप के आरोप में ३ नाबालिगों को पकड़कर बाल सुधारगृह भेजा गया। आरोपी, बच्ची के पड़ोसी हैं और बच्ची को बहला-फुसलाकर एक खाली गोदाम में ले गए थे, जहां वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के मुताबिक, जिस गोदाम में घटना हुई उसके मालिक को भी हिरासत में लिया गया है।
