मुख्यपृष्ठसमाचारविद्युत उत्पादन में सिरमौर बनेगा राजस्थान : हीरालाल नागर

विद्युत उत्पादन में सिरमौर बनेगा राजस्थान : हीरालाल नागर

झुंझुनू। राजस्थान के झुंझुनू जिले की गोठड़ा पंचायत समिति के गोल्याणा गांव में नव निर्मित अजमेर विद्युत वितरण निगम के सहायक अभियंता कार्यालय का उद्घाटन मंगलवार को ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने पट्टिका का अनावरण कर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नवलगढ़ विधायक विक्रम सिंह जाखल ने की। इस दौरान विधायक जाखल ने ऊर्जा मंत्री का माल्यार्पण, साफा पहनाकर और गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि राजस्थान विद्युत उत्पादन के क्षेत्र में सिरमौर बनेगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश में बिजली उत्पादन और किसानों तक बिजली आपूर्ति के कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार ने पहल करते हुए दो ब्लॉक के माध्यम से सप्लाई शुरू कर दी है।

ऊर्जा मंत्री ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकार किसानों से किया गया वादा निभाने में विफल रही और केवल विद्युत विभाग पर कर्ज बढ़ाया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में कई सोलर प्लांट स्थापित किए जा चुके हैं, जिनके माध्यम से किसानों को उनके खेतों से ही बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। सरकार द्वारा 4000 मेगावाट क्षमता के प्लांट चालू किए जा चुके हैं। इसके साथ ही 53 नए जीएसएस और 150 प्रसारण तंत्र के जीएसएस शुरू किए गए हैं।

विधायक विक्रम सिंह जाखल ने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र में बिजली, पानी और चिकित्सा जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए किसी को परेशानी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि क्षेत्र के हर कोने तक विकास कार्य पहुंचाए जाएंगे। कार्यक्रम में विभिन्न संगठनों ने ऊर्जा मंत्री का सम्मान किया। इस अवसर पर भाजपा के पूर्व झुंझुनू जिलाध्यक्ष बनवारी लाल सैनी, विद्युत निगम के एमडी केपी वर्मा और एसई एमके टीबड़ा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

अन्य समाचार