•वारदात में नामजद पूर्व दर्जा प्राप्त मंत्री राणा अजीत सहित आठ आरोपियों को पहले ही जेल भेज चुकी है पुलिस
•कुल ग्यारह लोग हो चुके हैं गिरफ्तार
•अपने वाहन चालक के पारिवारिक बंटवारे के विवाद में कूद पड़े थे पूर्व दर्जा प्राप्त मंत्री राणा अजीत
•जिसके बाद बढ़ गया बवाल
सामना संवाददाता / सुल्तानपुर
रविवार को अखंडनगर थाने के कल्याणपुर गांव में एक यादव परिवार के बंटवारे के विवाद में घर पर हमला, फायरिंग मारपीट बवाल मामले में पुलिस ने योगी सरकार के पूर्व दर्जा प्राप्त मंत्री राणा अजीत प्रताप सिंह सहित आठ आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मंगलवार को वारदात में शामिल रहे जौनपुर जिले से एक हिस्ट्रीशीटर समेत तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार करने का दावा किया है।
बता दें कि ग्राम कल्यानपुर (थाना अखण्डनगर) में यादव परिवार के चचेरे भाईयों के मध्य चाचा की संपत्ति को लेकर मारपीट व फायरिंग की घटना रविवार को हुई थी। वारदात के बाद पुलिस अधीक्षक चारु निगम ने घटना स्थल का निरीक्षण किया था। इसके बाद प्राप्त तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत करते हुए अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिये टीम लगायी गयी थी। पुलिस ने कार्यवाही करते हुए बारह घंटों के भीतर आठ अभियुक्तों को गिरफ्तार कर विधिक कार्यवाही की थी।
इसी क्रम में विवेचना के दौरान प्रकाश में आए अभियुक्तों जौनपुर के सरपतहा थानांतर्गत भगासा गांव निवासी हेमू गौतम हेमचन्द्र व अमावा गांव निवासी दुर्गेश दुबे छोटू, खुटहन थानांतर्गत उसरौली गांव निवासी प्रवेश सिंह को को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर जमालपुर के पास स्थित पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया। जिन्हें सुल्तानपुर न्यायालय में सीजेएम के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया। इसके अलावा वारदात में संलिप्तता के आरोप में गिरफ्तार पूर्व दर्जा प्राप्त मंत्री राणा अजीत व उनके पुत्र, भाई और भतीजे आदि के लाइसेंसी रायफल-पिस्टल कारतूस जब्त कर लिए गए।
