अनिल मिश्र
रांची । झारखंड विधानसभा के बजट सत्र 2026 के दौरान डुमरी विधायक श्री जयराम कुमार महतो ने राज्य के सुडी समाज की वर्षों पुरानी और न्यायसंगत मांग को पूरी प्रखरता के साथ सदन के पटल पर रखा। उन्होंने कहा कि जब पश्चिम बंगाल, असम, मिजोरम और त्रिपुरा जैसे पड़ोसी राज्यों में सुडी समाज को पहले से ही अनुसूचित जाति का दर्जा प्राप्त है, तो झारखंड में उन्हें इस अधिकार से वंचित रखना अन्यायपूर्ण है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि झारखंड के सुडी समाज की जीवनशैली, संस्कृति और परंपराएं अन्य राज्यों के अनुसूचित जाति में शामिल सुडी समाज के समान हैं।
इस संबंध में विधायक के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए बुधवार को झारखंड प्रदेश शौंडिक संघ का एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल विधायक आवास (नया विधानसभा के समीप) पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने सुडी समाज की आवाज बुलंद करने के लिए विधायक जयराम कुमार महतो को पुष्पगुच्छ, शॉल और गीता पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर महासचिव विद्याधर प्रसाद, सह कोषाध्यक्ष कुणाल कुमार शाह, अरुणदेव कुमार, मिथिलेश प्रसाद साहु, ओमप्रकाश साहु, पंकज साहु, चंदन कुमार और कुशेश्वर चौधरी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। वहीं जमशेदपुर से सनत मंडल, बिंदु देवी, सहदेव मंडल, तपन मंडल, सोहनलाल मंडल, ब्रजलाल मंडल और बुद्धेश्वर मंडल भी मौजूद रहे।
इस दौरान महासचिव विद्याधर प्रसाद ने कहा कि समाज अपने अधिकार की लड़ाई के लिए विधायक के इस कदम की सराहना करता है और उम्मीद करता है कि राज्य सरकार जल्द ही केंद्र को सकारात्मक प्रस्ताव भेजेगी।
