मुख्यपृष्ठसमाचारमहामहिम राष्ट्रपति और महामहिम राज्यपाल ने किए प्रेम मंदिर के दर्शन

महामहिम राष्ट्रपति और महामहिम राज्यपाल ने किए प्रेम मंदिर के दर्शन

डॉ. कमल कांत उपमन्यु
मथुरा।

महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु एवं महामहिम राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने प्रेम मंदिर के दर्शन किए। महामहिम द्वारा भोग गृह प्रवेश द्वार से मंदिर में प्रवेश किया गया। राष्ट्रपति एवं राज्यपाल का भव्य स्वागत अजय बाबा, दीपक भरेजा, सी. गुरुराज राव तथा डॉ. सुपर्णा राव ने किया।

उन्होंने प्रेम मंदिर में आयोजित लेजर शो का अवलोकन किया। महामहिम राष्ट्रपति ने मंदिर के गर्भ गृह के समक्ष श्री राधा कृष्ण के युगल विग्रह के दर्शन किए तथा विधि विधान से पूजा अर्चना करते हुए आरती की। दर्शन के समय सभा मंडप में संकीर्तन मंडली के 51 आश्रमवासियों द्वारा संकीर्तन और आरती गायन किया गया।

राष्ट्रपति एवं राज्यपाल को अजय बाबा, दीपक भरेजा, सी. गुरुराज राव तथा डॉ. सुपर्णा राव ने श्री राधा कृष्ण की मनमोहक स्मृति चिन्ह भेंट किया। दोनों ने प्रसाद ग्रहण किया और इसके उपरांत गर्भ गृह के बाहर परिक्रमा भी की।

इसके बाद राष्ट्रपति और राज्यपाल ने मंदिर के प्रथम तल पर श्री महाराज जी के विग्रह एवं श्री सीता राम युगल विग्रह के दर्शन किए और पूजा अर्चना की। उन्होंने प्रथम तल के गर्भ गृह की परिक्रमा भी की। परिक्रमा के पश्चात अजय बाबा, दीपक भरेजा, सी. गुरुराज राव तथा डॉ. सुपर्णा राव ने उन्हें श्री महाराज जी का साहित्य भेंट किया।

इस अवसर पर गन्ना विकास एवं चीनी मिल मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, प्रभारी मंत्री तथा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बेसिक शिक्षा विभाग संदीप सिंह, राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह, मथुरा वृंदावन नगर निगम के महापौर विनोद अग्रवाल, लेफ्टिनेंट जनरल वी. हरिहरन, अपर पुलिस महानिदेशक आगरा श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ, मंडलायुक्त आगरा नगेंद्र प्रताप, ग्रुप कैप्टन शिवम मनचंदा, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

अन्य समाचार