मुख्यपृष्ठसमाचारभगोड़े दाऊद की बिक गई पुश्तैनी जमीन ...चार नाकाम कोशिश के बाद...

भगोड़े दाऊद की बिक गई पुश्तैनी जमीन …चार नाकाम कोशिश के बाद हुई नीलामी

डॉन के खौफ से आगे नहीं आ रहे थे खरीददार
सामना संवाददाता / मुंबई
कुख्यात भगोड़े अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम की पुश्तैनी जमीनों की नीलामी आखिरकार सफल हो गई है। नीलामी में मुंबई के एक शख्स ने सबसे अधिक बोली लगाकर चारों कृषि भूमि खरीदने का अधिकार हासिल किया है। दाऊद की जिन संपत्तियों की नीलामी हुई है, वो महाराष्ट्र के रत्नागिरी में हैं। लोगों का मानना है कि दाऊद इब्राहिम और उसकी डी-कंपनी से जुड़ा नाम होने के कारण कई संभावित खरीदार इन संपत्तियों से दूरी बनाए हुए थे। दूसरी वजह ये भी है कि ये जमीनें ग्रामीण इलाके में स्थित हैं और मुख्य रूप से कृषि उपयोग के लिए ही उपयुक्त हैं, जिससे तत्काल आर्थिक लाभ की संभावना कम थी।
केंद्र सरकार की ओर से ५ मार्च २०२६ को यह नीलामी स्मगलर्स एंड फॉरेन एक्सचेंज मैनिपुलेटर्स (प्रॉपर्टी जब्ती) अधिनियम के तहत की गई। बताया जा रहा है कि ये चारों जमीनें रत्नागिरी जिले के मुंबक गांव में हैं, जिसे दाऊद इब्राहिम के परिवार का पैतृक गांव माना जाता है। अधिकारियों के अनुसार, इनमें से कुछ जमीनें पहले उसकी मां अमीना बी के नाम पर दर्ज थीं।
मुंबई के शख्स ने लगाई बोली
नीलामी में सबसे ऊंची बोली लगाने वाला शख्स मुंबई का बताया जा रहा है। हालांकि, उसकी पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। नियमों के मुताबिक, बोलीदाता को अप्रैल २०२६ की शुरुआत तक पूरी रकम जमा करनी होगी। इसके बाद संबंधित प्राधिकरण की अंतिम मंजूरी मिलने पर संपत्ति का हस्तांतरण किया जाएगा।
अप्रैल में हैंडओवर होगी जमीन
ये चारों जमीन के टुकड़े मुंबई के बोली लगानेवाले को ही मिले हैं। नियमों के अनुसार, बोली लगाने वाले को अप्रैल २०२६ की शुरुआत तक पेमेंट पूरा करना होगा। यह लेन-देन सक्षम अधिकारी की अंतिम मंजूरी के अधीन होगा। एक बार मंजूरी मिलने के बाद जब्ती और निपटान की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

खरीददारों की
पहचान उजागर नहीं
सरकार ने सुरक्षा कारणों से मुंबई के खरीदार की पहचान को उजागर नहीं किया। नीलामी के बाद बताया जा रहा है कि मुंबई के एक व्यक्ति ने जमीन के एक टुकड़े सर्वे नंबर ४४२ (भाग १३-बी) के लिए सबसे ऊंची बोली लगाई और उसे १० लाख रुपए से ज्यादा में खरीद लिया। इसकी रिजर्व कीमत ९.४१ लाख रुपए थी। इस प्लॉट के लिए दो लोगों ने बोली लगाई, एक मुंबई से और दूसरा रत्नागिरी से था।

अन्य समाचार