मुख्यपृष्ठनए समाचारचुनाव से पहले आरएसएस का बदला ‘रंग’! ...हिंदुत्व का मुद्दा छोड़ नेशन...

चुनाव से पहले आरएसएस का बदला ‘रंग’! …हिंदुत्व का मुद्दा छोड़ नेशन बिल्डिंग के नाम पर नई रणनीति

सोशल मीडिया पर फुल फोकस,
विकेंद्रीकरण को बढ़ावा
रामदिनेश यादव / मुंबई
हरियाणा के पानीपत में शुरू हुई राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा इस बार सिर्फ एक संगठनात्मक बैठक नहीं, बल्कि बदलती रणनीति का बड़ा संकेत बनकर उभरी है। तीन दिन तक चलनेवाली इस अहम बैठक में देशभर से ३२ संगठनों के १,४८७ प्रतिनिधि जुटे हैं, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा संघ के नए रूप को लेकर हो रही है।
आगामी पांच राज्यों के चुनाव से पहले आरएसएस ने अपनी रणनीति में बड़ा बदलाव करते हुए हिंदुत्व के चोले को बगल कर अब नेशन बिल्डिंग अर्थात राष्ट्र निर्माण को मुख्य एजेंडा बना लिया है। मुस्लिम समुदाय को भी अपने साथ लेकर चलने की बात पर पूरा जोर दिया है। सवाल उठ रहे हैं कि क्या यह बदलाव वैचारिक है या चुनावी मजबूरी? भागवत ने साफ कहा कि अब संघ सोशल मीडिया के जरिए अपनी पहुंच और प्रभाव को कई गुना बढ़ाएगा यानी अब शाखाओं के साथ-साथ डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी संघ की आक्रामक मौजूदगी देखने को मिलेगी। साथ ही संघ में प्रभावी रूप से जनसंपर्क बढ़ाने के लिए विकेंद्रीकरण किया जाएगा। प्रदेश प्रमुख बनाए जाएंगे। बता दें कि यहां संघ प्रमुख मोहन भागवत सात दिन पहले पानीपत पहुंचकर डेरा जमा चुके थे। यह खुद इस बैठक की गंभीरता को दर्शाता है।
संपर्कप्रमुखों की रिपोर्ट में संघ ने दावा किया कि केरल में एक लाख से ज्यादा मुस्लिम और ईसाई परिवारों तक पहुंच बनाई गई और सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली। यह दावा अपने आप में बड़ा संकेत है कि आरएसएस अब पारंपरिक सीमाओं से बाहर निकलकर नए सामाजिक समीकरण साधने में जुटा है। चूंकि केरल में इसी साल चुनाव होने हैं इसलिए इस संपर्क अभियान को राजनीतिक नजरिए से भी देखा जा रहा है। भाजपा पहले से ही दक्षिण भारत में अपनी जमीन मजबूत करने की कोशिश में है।

भाजपा अध्यक्ष को नीचे कतार में जगह, संदेश में संकेत
पहले दिन मंच पर सिर्फ मोहन भागवत और सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले ही नजर आए, जबकि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नवीन-नबीन को नीचे पहली कतार में बैठाया गया। यह दृश्य अपने आप में संघ और भाजपा के रिश्तों की मर्यादा रेखा का संकेत देता है। सभा शुरू होते ही मीडिया को सिर्फ ८ मिनट की एंट्री दी गई और उसके बाद हॉल पूरी तरह बंद कर दिया गया।

अन्य समाचार