मुख्यपृष्ठनए समाचारबीडीडी चॉल के निवासियों की नहीं थी फिक्र ... हमने सरकार को...

बीडीडी चॉल के निवासियों की नहीं थी फिक्र … हमने सरकार को चाबियां बांटने पर किया मजबूर! … आदित्य ठाकरे की दो टूक

सामना संवाददाता / मुंबई
हाल ही में माहायुति सरकार ने बीडीडी चॉल के निवासियों को उनके घरों की चाबियां बांटकर अपनी पीठ थपथपाई है। मगर अब शिवसेना नेता व विधायक आदित्य ठाकरे ने महायुति सरकार के इस कृत्य की पोल खोल दी है। इस बारे में शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे ने कहा कि बीडीडी चॉल के पुनर्विकास की योजना को शिवसेना की सरकार ने शुरू किया था। महायुति के लोग तो चाबियां भी देने से बच रहे थे, लेकिन आंदोलन के बाद इस सरकार को चाबियां बांटनी पड़ीं।
आदित्य ठाकरे ने कहा कि काम पूरा होने के दो-तीन महीने बाद भी रहिवासियों को चाबियां नहीं दी जा रही थीं। कुछ लोग चाबियां रोककर बैठे थे, लेकिन उनके आंदोलन के कारण सरकार को चाबियों का वितरण करना पड़ा। वर्ली में विधायक आदित्य ठाकरे ने बीडीडी चॉल पुनर्विकास को लेकर यह महत्वपूर्ण बयान दिया। उन्होंने कहा कि बीडीडी चॉल का मुद्दा उनके लिए बेहद भावनात्मक है और उन्होंने इस परियोजना के काम की समीक्षा भी की। उन्होंने बताया कि इस प्रोजेक्ट के लिए कई वर्षों से प्रयास किए जा रहे थे। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि जहां आज काम चल रहा है, वहीं पर पहले उन्होंने आंदोलन भी किया था। आदित्य ठाकरे ने स्पष्ट किया कि बीडीडी पुनर्विकास का काम चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री को देना चाहिए जवाब
आदित्य ठाकरे ने परियोजना में हो रही देरी को लेकर वर्तमान सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि इसका जवाब मौजूदा मुख्यमंत्री को देना चाहिए। अंत में उन्होंने विश्वास जताया कि अगर उनकी सरकार दोबारा सत्ता में आती है, तो वे इस परियोजना को पूरी तरह से पूरा करेंगे।

अन्य समाचार