मुख्यपृष्ठनए समाचारनेस्को पार्टी कनेक्शन में चौंकानेवाला खुलासा...बेटा निकला ड्रग माफिया पिता राशन घोटाले...

नेस्को पार्टी कनेक्शन में चौंकानेवाला खुलासा…बेटा निकला ड्रग माफिया पिता राशन घोटाले का आरोपी!

सुनील ओसवाल / मुंबई

गोरेगांव स्थित नेस्को सेंटर में आयोजित एक लाइव म्यूजिक कॉन्सर्ट के दौरान हुई कथित ड्रग पार्टी मामले में पुलिस जांच ने सनसनीखेज मोड़ ले लिया है। इस केस में गिरफ्तार मुख्य आरोपी आनंद पटेल को लेकर सामने आई नई जानकारी ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है।
पुलिस के अनुसार, कॉन्सर्ट में शामिल कई युवक-युवतियों ने ड्रग्स का सेवन किया था, जिसमें से दो लोगों की ओवरडोज के कारण मौत हो गई। जांच में सामने आया कि इन युवाओं को ड्रग्स की सप्लाई कल्याण से की गई थी। इसी कड़ी में आनंद पटेल को गिरफ्तार किया गया। अब जांच में यह खुलासा हुआ है कि आनंद पटेल का आपराधिक कनेक्शन पारिवारिक स्तर तक जुड़ा हुआ है। उसका पिता लखन पटेल कथित रूप से इलाके का कुख्यात राशन माफिया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, लखन पटेल के खिलाफ कल्याण और आसपास के कई थानों में गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। बताया जा रहा है कि वह राशन के अनाज के काले बाजार और संगठित अपराध से जुड़े मामलों में लिप्त रहा है। उस पर मकोका के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है। इलाके में उसकी पहचान एक सक्रिय और प्रभावशाली माफिया के रूप में रही है। ऐसे में अब बेटे का ड्रग्स रैकेट में शामिल होना पुलिस के लिए एक बड़े नेटवर्क की ओर इशारा कर रहा है। स्थानीय लोगों में इस खुलासे के बाद आक्रोश और हैरानी का माहौल है। फिलहाल पुलिस इस पूरे ड्रग्स नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है। अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।

अन्य समाचार