-ओडिशा से लखनऊ ले जाया जा रहा डेढ़ क्विंटल गांजा ट्रक सहित बरामद
-मुजफ्फरनगर व लखनऊ निवासी दो तस्कर भी आए चंगुल में
-एसटीएफ के साथ सुल्तानपुर पुलिस को मिली साझा अभियान में सफलता
सामना संवाददाता / सुल्तानपुर
देश मे में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार का भंडाफोड़ करने में बुधवार को यूपी पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। यूपी एसटीएफ के साथ इस साझा अभियान के दौरान सुल्तानपुर जिले के बंधुआकलां थानान्तर्गत पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स की संयुक्त टीम ने मुजफ्फरनगर व लखनऊ निवासी दो तस्करों को डेढ़ करोड़ रुपये के १५ क्विंटल २० किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ़्तार किया।
पुलिस उपाधीक्षक नगर सौरभ सामन्त ने बताया कि मंगलवार शाम को बन्धुआ कला थानाक्षेत्र में सुलतानपुर-लखनऊ राजमार्ग पर रवनिया पूरब गांव के पास जब पुलिस ने एक संदिग्ध ट्रक को रोका और उसकी तलाशी ली तो यह अवैध गांजा बरामद हुआ। शुरुआती पूछताछ में पता चला कि यह मादक पदार्थ ओडिशा से लखनऊ में किसी व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था।
पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों और इसके पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है ताकि अवैध धंधे की जड़ों तक पहुंचा जा सके।पुलिस ने बताया कि बरामद गांजा पचास बोरियों में पैक था।
पुलिस ने ट्रक, दो मोबाइल फोन और ४१५० रुपये नकद भी जब्त किए हैं।गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मुजफ्फरनगर के सिखरेड़ा गांव के नासिर और लखनऊ के वर्ष आर्य के रूप में हुई है। जिनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
