राजेश सरकार / प्रयागराज
नैनी पुलिस ने नकबजनी की वारदात का तेजी से खुलासा करते हुए महज 24 घंटे के भीतर दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की स्कूटी बरामद कर बड़ी कामयाबी हासिल की है। चोरी का यह मामला 13 अप्रैल का है। गंगोत्री नगर निवासी शैरी सालोमन के घर का ताला तोड़कर चोर स्कूटी समेत सामान उड़ा ले गए थे। पीड़ित की तहरीर पर थाना नैनी में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। तेज कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर नवप्रयागम पार्किंग के पास से आकाश सिंह और सनी केसरवानी को धर-दबोचा। तलाशी में चोरी की नीले रंग की जूपीटर स्कूटी बरामद हुई। पूछताछ में दोनों ने वारदात कबूलते हुए बताया कि उन्होंने ही गंगोत्री नगर से स्कूटी चुराई थी। पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में धाराएं बढ़ाते हुए कार्यवाही कर दी है। पुलिस रिकॉर्ड खंगालने पर सामने आया कि आकाश सिंह पर पहले से मारपीट और आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं, जिससे उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि उजागर होती है। पूरे ऑपरेशन को प्रभारी निरीक्षक बृजकिशोर गौतम के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। सहयोगी पुलिस टीम की सक्रियता से वारदात का शीघ्र पर्दाफाश संभव हो सका।
