राजेश सरकार / प्रयागराज
सीबीएसई बोर्ड 10वीं के नतीजे आते ही संगम नगरी के विद्यालयों में उत्सव का माहौल देखने को मिला। इस बार भी विद्यार्थियों ने अपने शानदार प्रदर्शन से यह साबित कर दिया कि कड़ी मेहनत और सही मार्गदर्शन से सफलता की ऊंचाइयों को छूना संभव है। क्रिस्टी मेमोरियल स्कूल एंड कॉलेज ने एक बार फिर उत्कृष्ट परिणाम देकर अपनी शैक्षणिक गुणवत्ता का परिचय दिया। विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जो उसकी अनुशासित शिक्षा व्यवस्था और शिक्षकों की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इस वर्ष दीक्षा पटेल ने 96 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। जबकि अब्दुल समद ने 91 फीसदी अंकों के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया। दोनों छात्रों की सफलता निरंतर अभ्यास, समय-प्रबंधन और दृढ़ संकल्प का परिणाम रही।
फोर्ड स्कूल ने लहराया परचम
वहीं फोर्ड इंटरनेशनल विद्यालय के छात्रों ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतिस्पर्धा को नई धार दी। स्कूल की छात्रा सम्पदा ने 96.6 फीसद अंक हासिल कर टॉपर बनी। जबकि विनीत पुष्कर ने 94 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया। उत्कर्ष सिंह (92.4%) और आयुषी पांडेय (92.2%) ने भी बेहतरीन प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया। इन सभी छात्र-छात्राओं ने सफलताओं के पीछे उनकी अथक मेहनत, शिक्षकों का मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग को श्रेय दिया। विद्यालय प्रबंधन ने सभी मेधावी छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा का काम करेगी। सीबीएसई के इस परिणाम ने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि लक्ष्य चाहे कितना भी बड़ा क्यों न हो, यदि इरादे मजबूत हों और मेहनत सच्ची हो, तो सफलता निश्चित है।
