राजेश सरकार / प्रयागराज
शहर के पॉश इलाके सिविल लाइंस में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब मिल्स ऑन विल्स रेस्टोरेंट में अचानक भीषण आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग की लपटें बगल में स्थित योगा सेंटर तक जा पहुंचीं, जिससे वहां मौजूद दर्जनों महिलाओं में चीख-पुकार मच गई। इस हादसे में एक युवती का हाथ झुलस गया, जिसे तत्काल प्राथमिक उपचार दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ देर के लिए हालात बेकाबू होते नजर आए। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दमकलकर्मियों की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया, वरना स्थिति और गंभीर हो सकती थी।
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, हालांकि प्रशासन पूरे मामले की गहन जांच में जुटा है। सवाल यह है कि शहर के व्यस्त और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी कब तक यूं ही लोगों की जान जोखिम में डालती रहेगी?
