मुख्यपृष्ठनए समाचारमालाड में भी एक ‘भोंदू बाबा’ कर रहा है `जादू-टोना'... अंधविश्वास और...

मालाड में भी एक ‘भोंदू बाबा’ कर रहा है `जादू-टोना’… अंधविश्वास और ठगी का आरोप, गिरफ्तारी की मांग तेज

सामना संवाददाता / मुंबई

महानगर के मालाड इलाके में एक कथित ‘भोंदू बाबा’ के खिलाफ स्थानीय लोगों ने गंभीर शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि यह व्यक्ति हर गुरुवार और रविवार को ‘भूत उतारने’ के नाम पर अघोरी पूजा और जादू-टोना करता है, जिससे आसपास के लोग, खासकर महिलाएं और बच्चे भयभीत हैं। स्थानीय निवासियों के अनुसार, पहले ये गतिविधियां उसके घर और आसपास तक ही सीमित थीं, लेकिन ४ अप्रैल को उसने हद पार करते हुए महानगरपालिका के एक गार्डन में सैकड़ों लोगों को इकट्ठा कर खुलेआम अघोरी अनुष्ठान किया। इस दौरान भूत-प्रेत उतारने के नाम पर जादू-टोने की क्रियाएं की गर्इं। इस पूरे घटनाक्रम के फोटो और वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आए हैं, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
अघोरी पूजा में इस्तेमाल, सामग्री ने बढ़ाई चिंता
बताया जा रहा है कि यह कथित ‘भोंदू बाबा’ अपनी पूजा में बकरे का कलेजा, काला और लाल कपड़ा, श्मशान की राख, नींबू, सुई (टाचनी), शराब की बोतल, कुंकू और सिगरेट जैसी वस्तुओं का उपयोग करता है। पूजा के बाद ये सभी सामग्री चार रास्तों के चौराहे पर फेंक दी जाती है, जिससे इलाके में भय का वातावरण बन जाता है।
विरोध के बावजूद कार्रवाई नहीं
स्थानीय लोगों का कहना है कि बार-बार समझाने के बावजूद आरोपी अपनी हरकतें बंद नहीं कर रहा, जिससे उन्हें मजबूर होकर पुलिस की शरण लेनी पड़ी। वहीं आरोपी इन आरोपों को खारिज करते हुए दावा करता है कि वह ‘देवी की पूजा’ कर रहा है। हालांकि, बढ़ते विरोध और सामने आए सबूतों के बाद अब इस मामले में पुलिस की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।

अन्य समाचार