मुख्यपृष्ठनए समाचारमुंबई में इलाज बेहद महंगा...बचाव ही सबसे बड़ा उपाय-डॉ. सीएल बंबोली

मुंबई में इलाज बेहद महंगा…बचाव ही सबसे बड़ा उपाय-डॉ. सीएल बंबोली

सामना संवाददाता / मुंबई

महानगर में जहां कमाई के अवसर बड़े हैं, वहीं स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियां भी उतनी ही गंभीर हैं। महंगी जीवनशैली के बीच इलाज का खर्च आम लोगों की पहुंच से बाहर होता जा रहा है। ऐसे में सुप्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. सीएल बंबोली का मानना है कि “इलाज से बेहतर बचाव है, इसलिए सबसे पहले खुद पर ध्यान दीजिए और स्वस्थ रहिए।”
पिछले 22 वर्षों से मुंबई में किफायती चिकित्सा सेवाएं दे रहे डॉ. बंबोली बताते हैं कि शहर की भागदौड़ भरी जिंदगी, भीड़भाड़ वाली लोकल ट्रेनें और मजबूरी में बाहर का भोजन करने की आदत लोगों के स्वास्थ्य पर सीधा असर डालती है। इससे संक्रमण और बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।
वे कहते हैं कि “स्वास्थ्य ही सबसे बड़ा धन है।” यदि व्यक्ति स्वस्थ नहीं है तो धन, पद और सफलता का कोई महत्व नहीं रह जाता। प्रदूषण, मिलावटी खानपान और अस्वच्छ पानी जैसी समस्याएं महानगरों में आम हो गई हैं, जिससे बीमारियां तेजी से फैलती हैं।
गोरेगांव पश्चिम स्थित भगवान महावीर डायग्नोस्टिक सेंटर एंड हॉस्पिटल के संचालक डॉ. बंबोली के अनुसार, वर्तमान समय में संतुलित जीवनशैली अपनाना बेहद जरूरी है। वे स्वस्थ रहने के पांच सरल उपाय बताते हैं—संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, पर्याप्त नींद, तनाव नियंत्रण और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच।
राजस्थान के गोड़वाड़ क्षेत्र में 40 वर्षों तक चिकित्सा सेवा देने और स्वास्थ्य विभाग में डिप्टी डायरेक्टर पद से सेवानिवृत्त होने के बाद उन्होंने 2004 में मुंबई में इस अस्पताल की स्थापना की। उनका उद्देश्य आम लोगों को किफायती इलाज उपलब्ध कराना है, जहां आज भी प्रतिदिन सैकड़ों मरीजों का उपचार किया जाता है।
डॉ. बंबोली का स्पष्ट संदेश है—“बीमारी आने का इंतजार न करें, बल्कि पहले से ही अपने स्वास्थ्य की जिम्मेदारी लें, क्योंकि मुंबई में इलाज सचमुच बहुत महंगा है।”

अन्य समाचार