मुख्यपृष्ठनए समाचारविधान परिषद चुनाव...उद्धव ठाकरे को है कांग्रेस का समर्थन!..हर्षवर्धन सपकाल ने स्पष्ट...

विधान परिषद चुनाव…उद्धव ठाकरे को है कांग्रेस का समर्थन!..हर्षवर्धन सपकाल ने स्पष्ट की भूमिका

सामना संवाददाता / मुंबई

शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे महाविकास आघाड़ी का एक प्रमुख चेहरा हैं। यदि वे विधान परिषद में जाना चाहते हैं तो उन्हें कांग्रेस का पूरा समर्थन रहेगा। ऐसी स्पष्ट भूमिका कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने कल व्यक्त की।
राज्यसभा चुनाव के समय ‘कांग्रेस को चुनाव लड़ना चाहिए’ और ‘महाविकास आघाड़ी की ओर से उद्धव ठाकरे को विधान परिषद में जाना चाहिए’, ऐसी हमारी भूमिका और आग्रह था। हालांकि, उस समय की परिस्थितियों में कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने निर्णय लिया और राष्ट्रवादी नेता शरद पवार राज्यसभा में गए। महाविकास आघाड़ी के दलों की कुल ताकत को देखते हुए सभी को एक साथ मिलकर ही ये चुनाव लड़ना आवश्यक है। विधान परिषद की नौ सीटों के लिए होने वाले चुनाव में उद्धव ठाकरे को चुनाव लड़ना चाहिए। इस तरह की भूमिका हर्षवर्धन सपकाल ने रखी। उन्होंने कहा कि यदि कोई अलग प्रस्ताव होगा तो निश्चित रूप से उस पर चर्चा की आवश्यकता होगी।
फडणवीस को देनी चाहिए सीट
विधान परिषद की जो दसवीं सीट के लिए चुनाव हो रहा है, वह कांग्रेस की है। कांग्रेस नेता राजीव सातव के निधन के बाद उन्हें श्रद्धांजलि के रूप में उनकी पत्नी प्रज्ञा सातव को परिषद में भेजने का निर्णय लिया गया था। भाजपा ने उन्हें इस्तीफा देने के लिए मजबूर किया। बारामती में जब कांग्रेस ने नामांकन दाखिल किया, तब राजनीतिक संस्कृति को लेकर काफी चर्चा हुई थी। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी उस समय महाराष्ट्र की राजनीतिक संस्कृति का हवाला देते हुए नाम वापस लेने का आग्रह किया था। यह याद दिलाते हुए हर्षवर्धन सपकाल ने सातव की सीट कांग्रेस को देने की मांग की।

अन्य समाचार