मुख्यपृष्ठसमाचारवाराणसी में पोस्टर-झंडे विवाद पर मचा बवाल... ACP घायल...मौके पर भारी पुलिस बल...

वाराणसी में पोस्टर-झंडे विवाद पर मचा बवाल… ACP घायल…मौके पर भारी पुलिस बल तैनात

उमेश गुप्ता / वाराणसी

वाराणसी के चोलापुर थानांतर्गत नेहिया गांव में शुक्रवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर के पोस्टर और झंडे हटाने को लेकर दो पक्षों के बीच तनाव हिंसा में बदल गया। हालात बिगड़ने पर आक्रोशित ग्रामीणों ने बाबतपुर-चौबेपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम से प्रदर्शनकारियों की झड़प हो गई, जिसके बाद पथराव शुरू हो गया।
पथराव में सारनाथ के एसीपी विदुष सक्सेना गंभीर रूप से घायल हो गए, उनके सिर में चोट आई है। इसके अलावा चोलापुर थाने के दो दरोगा भी जख्मी हुए हैं। घायलों को तत्काल इलाज के लिए भेजा गया है।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर चार आईपीएस, दो एसीपी समेत 300 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार और एडीसीपी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर हालात पर नजर बनाए हुए हैं। पांच थानों की फोर्स और पीएसी भी बुलाई गई है।
पुलिस के अनुसार, 14 अप्रैल को अंबेडकर जयंती के आयोजन की तैयारी के दौरान गांव में झंडा लगाने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। एक पक्ष द्वारा लगाए जा रहे झंडे का दूसरे पक्ष ने विरोध किया, जिससे कहासुनी बढ़कर टकराव में बदल गई।

अन्य समाचार