…व्यवसायी के घर पर चढ़ आए दबंग
-की हाथापाई, पत्थरबाजी व महिलाओं पर गालियों की बौछार
-चौक घंटाघर चौकी से सौ मीटर के फासले पर वारदात से पुलिस सक्रियता पर उठे सवाल
सामना संवाददाता / सुल्तानपुर
यूपी की योगी सरकार में दहशत और आतंक फैलाने के लिये अंजाम दी गई दबंगों की ये करतूत चौंकाने वाली है। शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात चौक के पार्किन्सगंज इलाके में एक व्यवसायी के घर पर बुलेट व बाइक से पहुंचे दबंगों ने उसे ललकारते हुए न सिर्फ गालियों की बौछार कर दी बल्कि जमकर पत्थरबाजी भी की। परिवार के पुरुष सदस्य उस वक़्त श्याम कीर्तन में गए हुए थे। घर में नहीं थे। जब महिलाओं ने मकान के छज्जे पर आकर हमलावरों को टोकने की कोशिश की तो उन्हें भी गालियां दी गईं। पीड़ित परिवार के डायल ११२ बुलाने के बाद हमलावर दबंग मौके पर से भागे। आश्चर्यजनक पहलू ये है कि मौका-ए-वारदात से महज १०० मीटर के फासले पर घंटाघर पुलिस चौकी है। फिलहाल, प्रकरण पुलिस कप्तान चारु निगम के संज्ञान में आने के बाद नगर कोतवाली पुलिस ने बगैर हीलाहवाली तीन लोगों को नामजद करते हुए एफआईआर दर्ज कर ली है। हालांकि, पुलिस अभी तक किसी भी आरोपी को पकड़ नहीं सकी है। नामजद आरोपियों में एक घनश्याम तिवारी के खिलाफ नगर कोतवाली सहित जिले के कई थानों में जमीन कब्जे, फ्रॉड व आर्म्स एक्ट आदि विभिन्न मामलों में केस दर्ज हैं और वो शहर स्थित चौक के एक बड़े अवैध जमीन कारोबारी का ‘पेड गुंडा’ बताया जाता है।
बता दें कि पार्किन्सगंज चौक सुल्तानपुर निवासी सरयू प्रसाद कसौधन ने कुछ दिनों पूर्व घनश्याम तिवारी निवासी लखनऊनाका आदि के खिलाफ फ्रॉड करके मकान व जमीन एग्रीमेंट करा कब्जा करने के प्रकरण में केस दर्ज कराया है। इसी को लेकर खीझे आपराधिक प्रवृत्ति के तिवारी ने साथियों के साथ बुलेट बाइक से आधी रात को सरयू प्रसाद के घर पहुंचकर ये वारदात की। प्रकरण व इससे संबंधित वीडियो रिकार्डिंग सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। जिसे संज्ञान लेते हुए पुलिस कप्तान चारु निगम ने नगर पुलिस को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। सीओ सिटी सौरभ सामंत ने बताया कि पीड़ित व्यवसायी की तहरीर पर केस दर्ज कर नगर पुलिस ने घनश्याम, बलराम व अंकित को नामजद किया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
