सामना संवाददाता / मुंबई
नई मुंबई से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। नई मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (मनपा) मुख्यालय के बाहर एक अज्ञात व्यक्ति की बेरहमी से हत्या कर दी गई, जिससे शहर के सबसे व्यस्त प्रशासनिक इलाके में दहशत का माहौल पैâल गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना सीबीडी-बेलापुर की एक व्यस्त सड़क पर दिनदहाड़े हुई। अज्ञात हमलावर ने पीड़ित पर भारी पत्थर से हमला कर उसे मौके पर ही मौत के घाट उतार दिया। हमले की अचानक और हिंसक प्रकृति से आसपास मौजूद लोग और दफ्तर आने-जाने वाले कर्मचारी दहशत में आ गए।
हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। हैरानी की बात यह है कि मनपा मुख्यालय के बाहर सुरक्षाकर्मी मौजूद होने के बावजूद हमलावर को रोकने की कोई कोशिश नहीं की गई और न ही भाग रहे आरोपी को पकड़ने का प्रयास हुआ। घटना की सूचना मिलते ही सीबीडी-बेलापुर पुलिस स्टेशन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और इलाके को घेर लिया। पुलिस ने जांच के लिए साक्ष्य एकत्रित किए और फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। हत्या के पीछे का मकसद भी स्पष्ट नहीं हो पाया है। मामले की जांच के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। प्राथमिक जांच में पुलिस पर्सनल दुश्मनी और अचानक हुई हिंसा सहित विभिन्न एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है।
