मुख्यपृष्ठअपराधआधी रात...खामोश कत्ल

आधी रात…खामोश कत्ल

राजेश सरकार / प्रयागराज

गंगानगर में फूलपुर तहसील के संदलपुर मलेथुआ गांव में बुधवार बीती रात ने कई सवाल छोड़ दिए।
खेत-खलिहान वाले साधारण परिवार की 20 वर्षीय रेखा गुरुवार सुबह होते-होते एक मर्डर मिस्ट्री बन गई।
बुधवार की रात सब सामान्य था। परिवार ने साथ खाना खाया। आंगन में नींद बिखर गई। रेखा अपने कमरे में थी। देर रात तक मोबाइल पर व्यस्त। फिर सन्नाटा। सुबह दरवाजा नहीं, सच टूटा। छोटा भाई जगाने पहुंचा कमरा खाली। कुछ दूर जमीन पर मृत पड़ी रेखा। गले पर निशान, माथे से खून और चारों तरफ खामोशी। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। सबूत जुटाए, लेकिन कहानी अभी अधूरी है। पिता ने उंगली पड़ोसियों पर उठाई। जमीन विवाद की पुरानी दरारें अब शक की दीवार बन गई हैं। लेकिन जांच सिर्फ यहीं नहीं रुकी। प्रेम प्रसंग का एक साया भी उभरा। एक युवक से बातचीत की बात सामने आई। पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया है, वहीं एक अन्य युवक के परिवार से पूछताछ जारी है। वारदात की तह तक जाने के लिए फूलपुर पुलिस और अफसर सक्रिय हैं। हर एंगल खंगाला जा रहा है। रंजिश या रिश्ता… कौन बना रेखा की आखिरी रात का राज? फिलहाल, इस वारदात के बाद से गांव जाग रहा है। एक सवाल अब भी सोया नहीं कि रेखा की मौत हादसा नहीं, किसका इरादा थी?

अन्य समाचार