मुख्यपृष्ठअपराधजिया जेकब के खाते में ड्रग्स मनी!..गोरेगांव कांड में एक्ट्रेस की एंट्री...पुलिस...

जिया जेकब के खाते में ड्रग्स मनी!..गोरेगांव कांड में एक्ट्रेस की एंट्री…पुलिस ने मीरा रोड से दबोचा

सुनील ओसवाल / मुंबई

गोरेगांव ड्रग्स कांड में अब तीन बड़े खुलासों ने पूरे मामले को हिला दिया है। आरोपी पेडलर की कंपनी में एक पार्षद की भागीदारी का पता चला है। इसके साथ ही इस मामले में बॉलीवुड से जुड़ी अभिनेत्री जिया जेकब की भी एंट्री हो गई है। जेकब की गिरफ्तारी ने मामले को काफी पेचीदा बना दिया है।
बता दें कि इस मामले में दो पुलिसकर्मियों पर भी मामला दर्ज किया गया है। जांच के अनुसार, मुख्य आरोपी आनंद पटेल का व्यावसायिक संबंध छत्रपति संभाजीनगर के एक एमआईएम पार्षद सोहेल सय्यद से रहा है। दोनों ने ‘एलआरएस ग्रेन प्रा. लि.’ नाम की कंपनी बनाई थी, जिसका पंजीकरण दिसंबर २०२२ में हुआ था। इस कनेक्शन ने जांच एजेंसियों का फोकस अब आर्थिक और राजनीतिक रिश्तों की ओर मोड़ दिया है।
६ महीने पहले दे दिया था इस्तीफा
पार्षद सोहेल सय्यद ने सफाई देते हुए कहा है कि उन्होंने करीब छह महीने पहले ही कंपनी के डायरेक्टर पद से इस्तीफा दे दिया था। उनका कहना है कि आनंद पटेल के पिता उनके परिचित थे और उसी आधार पर यह साझेदारी हुई थी। पुलिस इस दावे की जांच कर रही है।
अब तक ग्यारह आरोपी धरे गए!
गोरेगांव ड्रग्स कांड में एक और बड़ा मोड़ तब आया जब पुलिस ने बॉलीवुड से जुड़ी अभिनेत्री जिया जेकब (३३) को मीरा रोड से गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया है कि ड्रग्स से जुड़े पैसों का लेन-देन उसके बैंक खाते के जरिए हुआ। कई आरोपियों द्वारा उसके खाते में बड़ी रकम ट्रांसफर किए जाने के सबूत पुलिस को मिले हैं, जिससे उसकी भूमिका संदिग्ध मानी जा रही है। पुलिस ने इस मामले में अब तक ११ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, पोलादपुर इलाके से ९३३ ड्रग्स टैबलेट्स भी बरामद की गई हैं, जिनकी कीमत लाखों में बताई जा रही है। इससे यह संकेत मिल रहा है कि यह नेटवर्क बड़े पैमाने पर सक्रिय था।
मामले ने तब और गंभीर रूप ले लिया जब दो पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया। आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान ड्रग्स के इस्तेमाल को नजरअंदाज किया गया और समय रहते कार्रवाई नहीं की गई। साथ ही मारपीट और कथित उगाही जैसे आरोप भी जांच के दायरे में हैं। डॉक्टरों के मुताबिक, इस पार्टी में शामिल दो युवकों की मौत ड्रग्स ओवरडोज के कारण हुई, जबकि एक युवती की जान समय रहते बच गई। इस घटना ने बड़े आयोजनों की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल, जांच एजेंसियां इस पूरे नेटवर्क की हर कड़ी को जोड़ने में जुटी हैं। सूत्रों का कहना है कि आने वाले दिनों में इस केस में और बड़े खुलासे हो सकते हैं, जिससे यह मामला और भी व्यापक रूप ले सकता है।

अन्य समाचार