मुख्यपृष्ठनए समाचारउपकर प्राप्त इमारतों की मरम्मत को विशेष निधि दो!..आदित्य ठाकरे की मुख्यमंत्री...

उपकर प्राप्त इमारतों की मरम्मत को विशेष निधि दो!..आदित्य ठाकरे की मुख्यमंत्री से मांग

सामना संवाददाता / मुंबई

मुंबई की उपकर प्राप्त पुरानी और खतरनाक इमारतों की तात्कालिक मरम्मत के लिए विशेष निधि उपलब्ध कराई जाए। यह मांग शिवसेना नेता, युवासेनाप्रमुख व विधायक आदित्य ठाकरे ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को एक पत्र लिखकर की है।
आदित्य ठाकरे द्वारा दिए गए पत्र के अनुसार, मुंबई में लगभग १३,५०० से अधिक उपकर प्राप्त इमारतें हैं। इन इमारतों के पुनर्विकास के संबंध में धारा ७९ (अ) और ७९ (ब) के अंतर्गत प्रक्रिया न्यायालयीन स्थगन के कारण ठप हो गई है। इसके कारण अनेक इमारतें अत्यंत जर्जर और खतरनाक अवस्था में हैं और उनमें रहने वाले नागरिकों के जीवन को खतरा उत्पन्न हो गया है। विशेष रूप से बारिश का मौसम नजदीक आने के कारण इन इमारतों की तत्काल मरम्मत करना अत्यावश्यक है। इन बातों का जिक्र भी उन्होंने पत्र में किया है। इसी के साथ उन्होंने यह भी कहा है कि बड़ा हादसा होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। पत्र में आगे आदित्य ठाकरे ने कहा है कि मरम्मत कार्यों के लिए म्हाडा द्वारा प्रति वर्ग मीटर ४,००० रुपए खर्च करने की अनुमति है। हालांकि, वर्तमान स्थिति को देखते हुए इस मामले को विशेष रूप से विचार में लेकर आवश्यक निधि उपलब्ध कराई जाए और तत्काल मरम्मत कार्य शुरू किए जाएं, ऐसी मांग उन्होंने की है। साथ ही मुंबई में हजारों परिवार इन खतरनाक इमारतों में रह रहे हैं और उनके जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सरकार को तत्काल निर्णय लेना आवश्यक है, यह भी आदित्य ठाकरे ने रेखांकित किया है।

अन्य समाचार