सामना संवाददाता / मुंबई
अमेरिकी राष्ट्रपति के भारत और चीन को ‘धरती पर नरक’ कहे जाने वाले पोस्ट शेयर करने के बाद मोदी सरकार की तरफ से भले ही कोई कड़ी प्रतिक्रिया नहीं आई हो, पर मुंबई के ईरानी कॉन्सुलेट ने ट्रंप को तगड़ा जवाब दिया है। मुंबई कॉन्सुलेट ने अपने एक्स हैंडल पर मुंबई का एक वीडियो शेयर किया, जिसमें शहर के मशहूर गणेशोत्सव के साथ-साथ यहां की विभिन्न झलकियां दिखाई गई हैं। मैसेज में लिखा गया, ‘शायद किसी को मिस्टर ट्रंप के लिए एक तरफा कल्चरल डिटॉक्स बुक कर देना चाहिए। हो सकता है इससे उनकी बेवजह की बकवास थोड़ी कम हो जाए। वीडियो में एक तरफ मुंबई की चमकती गगनचुंबी इमारतें और दूसरी तरफ पहाड़ों से बहते झरने, झीलें और हरियाली दिखाई गई है। वहीं हैदराबाद में ईरानी कॉन्सुलेट ने मुंबई कॉन्सुलेट वाले पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा, ‘मुंबई में हमें क्या-क्या पसंद आया? चाय के साथ बन-मस्का, वडा-पाव, और पाव भाजी-जो सिर्फ ३ बाइट में एक खराब दिन ठीक कर दे। हम रोटी और रेस्पेक्ट में यकीन रखते हैं, लेकिन जैसे ही साउथ इंडिया में कदम रखा, भाई, वो तो एक अलग ही लीग है। जैसे भारत ने अपना ‘हेवन मोड’ अनलॉक कर लिया हो, वो और भी ज्यादा खूबसूरत है।’ एक और पोस्ट में कॉन्सुलेट ने लिखा, ‘चीन और भारत सभ्यता के प्रमुख उद्गम स्थल रहे हैं। दरअसल, नरक तो वो जगह है, जहां उसका युद्ध-अपराधी राष्ट्रपति ईरान की सभ्यता को मिटा देने की धमकी देता है।’
मोदी की प्रतिक्रिया कमजोर
विपक्षी कांग्रेस पार्टी ने इस पर मोदी सरकार की प्रतिक्रिया को ‘बेहद कमजोर’ बताकर ट्रंप के बयान की आलोचना की। कई विशेषज्ञों ने ट्रंप के बयान को ‘नस्लवाद’ से भरा करार दिया। अमेरिका के अंदर भी इस बयान के विरोध में आवाजें उठ रही हैं। वहीं ईरान ने इस मामले पर भारत का समर्थन किया और इसे शानदार देश करार दिया।
