-मुंबई में भी कंपनी कार्यालय में सेक्सुअल हैरेसमेंट
फिरोज खान / मुंबई
नासिक की तरह मुंबई में भी कॉर्पोरेट में सेक्शुअल हैरेसमेंट का मामला सामने आया है। सात रास्ता के अग्रीपाड़ा इलाके में रहने वाली एक युवती और उसके साथ काम करने वाली दो अन्य युवतियों को ऑफिस के एक युवक ने फिजिकल रिलेशन बनाने के लिए परेशान किया। युवती की शिकायत के आधार पर संदिग्ध युवक के खिलाफ अग्रीपाड़ा पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक अग्रीपाड़ा में रहने वाली एक युवती की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। इस शिकायत के मुताबिक १९ साल की लड़की महालक्ष्मी साइट पर एक कंस्ट्रक्शन कंपनी के ऑफिस में काम कर रही थी। इस साइट पर काम पूरा होने के बाद ऑफिस बंद हो गया था। इस जगह पर उसके साथ कुछ और युवतियां अलग-अलग पदों पर काम कर रही थीं। दो दिन पहले उसे एक युवक का मैसेज मिला। इसके बाद युवक ने उसे कॉल किया और शारीरिक संबंध बनाने की बात कही। उसकी बातें सुनकर युवती ने उसकी कॉल रिकॉर्ड कर ली और उसे यह कहते हुए कॉल न करने को कहा कि वह ऐसा कुछ नहीं करना चाहती। बावजूद इसके आरोपी ने अश्लील वीडियो भेजे। लड़की ने अपने साथ काम करने वाली दो दूसरी लड़कियों से इस बारे में पूछा। उन्होंने भी बताया कि आरोपी ने उसके साथ भी ऐसा ही किया है। अगले दिन उसे लगातार कॉल और मैसेज आते रहे। डरी हुई लड़की ने अपने पिता को यह सब बताया। वह लड़की को साथ ले गए और आरोपी के खिलाफ अग्रीपाड़ा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। इस बीच काम की जगह पर सेक्सुअल हैरेसमेंट की शिकायतों में बढ़ोतरी के साथ महिलाओं की सुरक्षा का मुद्दा फिर से सामने आ गया है और अब आम नागरिकों की मांग है कि ऐसे मामलों में आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करके ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जाए।
