मुख्यपृष्ठअपराधमुंबई में फिर भड़क सकता है गैंगवॉर...२७ साल बाद मौत का बदला!..डी....

मुंबई में फिर भड़क सकता है गैंगवॉर…२७ साल बाद मौत का बदला!..डी. कंपनी और राजन गैंग फिर आमने-सामने

फिरोज खान / मुंबई

मुंबई में फिर एक बार गैंगवॉर की आग भड़कने की आशंका व्यक्त की जा रही है। गत २७ वर्षों से अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के खूंखार शूटर सादिक कालिया के भतीजे के सीने में बदले की आग धधक रही थी। अब २७ वर्षों बाद उसने इसका बदला लिया।
मिली जानकारी के अनुसार, १९९९ में दादर इलाके में दया नायक की टीम ने एक मुखबिर की सूचना पर सादिक कालिया को एनकाउंटर में ढेर कर दिया था। इसके बाद २००२ में आरिफ कालिया का भी एनकाउंटर हो गया था। उस वक्त सादिक और आरिफ कालिया का भतीजा जवार महज ढाई साल का था। वह जब बड़ा हुआ तो उसे पता चला कि उसके दोनों चाचा की टिप प्रतिद्वंद्वी गैंग छोटा राजन के खबरी इकबाल इब्राहिम सलिया ने दी थी। तभी से वह चाचा के मारे जाने का बदला लेने के फिराक में था। इसके बाद अब जाकर उसने ७८ साल के हो चुके इकबाल सलिया के घर में घुसकर उसकी हत्या कर दी।
चॉपर से किया इकबाल सलिया का काम तमाम!
डी कंपनी के एक शूटर के भतीजे ने २७ वर्षों बाद अपने चाचा की मौत का बदला लिया है। चाचा की मौत एक इकबाल सलिया के दिए टिप के बाद पुलिस एनकाउंटर में हुई थी। इसके बाद भतीजे जवार को कई सालों की तलाश के बाद सूचना मिली कि ७८ साल का हो चुका इकबाल सलिया नागपाडा में रह रहा है। खबर मिलते ही जवार ने अपने एक साथी नौशाद मिठानी के साथ मिलकर २० अप्रैल की रात इकबाल सलिया के घर में घुसकर चापर से कई वार किए। कत्ल को अंजाम देने के बाद जवार और उसका साथी नौशाद मोबाइल बंद कर फरार हो गए थे। हत्या की जांच कर रही पुलिस को सूचना मिली की दोनों आरोपी नागपुर में छिपे हुए हैं। सूचना के आधार पर मुंबई पुलिस ने जवार और नौशाद को नागपुर से गिरफ्तार किया और मुंबई ले आई। जवार ने अपने बयान में बताया कि उसके चाचा सादिक कालिया और आरीफ कालिया की टिप छोटा राजन के खबरी इकबाल ने दी थी। तभी से वह उसकी हत्या की साजिश रच रहा था। सादिक कालिया १९९० के दशक में मुश्किल हालात में कालाचौकी में फुटपाथ पर जूते बेचकर गुजारा करता था। जब दाऊद इब्राहिम गैंग के सदस्य हफ्ता (प्रोटेक्शन मनी) वसूलने आए तो कालिया ने देने से मना कर दिया। इसी निडरता ने गैंगस्टर छोटा शकील का ध्यान खींचा, फिर उसे गैंग में भर्ती कर लिया। १९९० के दशक के बीच से आखिर तक, कालिया और शार्प शूटर मुन्ना झिंगाड़ा, जिसके बारे में माना जाता है कि वह अब पाकिस्तान में है, दोनों ने मिलकर मुंबई में कई हत्याएं कीं।

अन्य समाचार